मुख्यमंत्री योगी ने पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और तकनीकी निगरानी के दिए निर्देश
लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की समीक्षा बैठक आयोजित
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की समीक्षा बैठक कर पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं में तकनीक आधारित निगरानी को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस भर्ती की प्रत्येक प्रक्रिया आरक्षण मानकों का पूर्ण पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना को समाप्त करने के लिए आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2017 से मई 2026 तक उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा विभिन्न संवर्गों में कुल 2,21,245 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। वहीं, इसी अवधि में 1,60,819 पुलिस कार्मिकों को पदोन्नति प्रदान की गई है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि वर्तमान में प्रदेश पुलिस बल में 81 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए, ताकि योग्य एवं प्रतिभाशाली युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हों और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने तथा पुलिस बल को आधुनिक एवं सक्षम बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।






