गुर्जर गौंटिया लाइब्रेरी,अब विद्यार्थियों को मिलेगी 24 घंटे निर्बाध बिजली
ग्रामीणों के सहयोग से शिक्षा की दिशा में प्रेरणादायी पहल, ‘भारत बने पुस्तकालयों का देश’ का दिया संदेश
बरेली। शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में बरेली जिले के ग्राम गुर्जर गौंटिया में एक सराहनीय पहल की गई है। ग्रामीणों एवं सहयोगकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से ग्राम गुर्जर गौंटिया लाइब्रेरी में 3 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया है।
सोलर सिस्टम लगने के बाद अब लाइब्रेरी में बिजली कटौती अथवा विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का विद्यार्थियों की पढ़ाई पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। लाइब्रेरी में अध्ययन करने वाले छात्र-छात्राओं को 24 घंटे बेहतर बिजली सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उनकी पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रह सकेगी।
इस अवसर पर ग्रामवासियों ने कहा कि यह उपलब्धि सभी सहयोगकर्ताओं के विश्वास, समर्पण और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। गांव के लोगों ने मिलकर यह सुनिश्चित किया है कि बच्चों की शिक्षा किसी भी परिस्थिति में बाधित न हो।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सोलर सिस्टम स्थापना के लिए सभी सहयोगकर्ताओं, दानदाताओं एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार की पहल अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने “एक ही संकल्प, एक ही संदेश — भारत बने पुस्तकालयों का देश” का संदेश देते हुए देशभर में पुस्तकालयों के विकास और शिक्षा के प्रसार का आह्वान किया।
ग्रामीणों का मानना है कि पुस्तकालय केवल पुस्तकों का केंद्र नहीं, बल्कि समाज के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। गुर्जर गौंटिया गांव की यह पहल सामुदायिक सहयोग और शिक्षा के प्रति जागरूकता का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






