पौधरोपण महाभियान-2026: योगी सरकार जनसहभागिता से लगाएगी 35 करोड़ पौधे
1900 से अधिक नर्सरियों में तैयार किए जा रहे 52.44 करोड़ पौधे, गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे लगेंगे 5.50 लाख पौधे
लखनऊ । उत्तर प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए पौधरोपण महाभियान-2026 की व्यापक तैयारियों में जुट गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार इस वर्ष मानसून सत्र में जनसहभागिता के माध्यम से 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश की 1900 से अधिक नर्सरियों में 52.44 करोड़ पौधे तैयार किए जा रहे हैं।
वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अनुसार बीते नौ वर्षों में प्रदेश में 242 करोड़ से अधिक पौधरोपण किया जा चुका है। इस वर्ष भी विभाग स्वयं 15 करोड़ से अधिक पौधे लगाकर अभियान में सबसे बड़ी भूमिका निभाएगा। अभियान की निगरानी और समन्वय के लिए जिला वृक्षारोपण समितियों की नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
गंगा एक्सप्रेसवे पर हरियाली की नई पहचान
प्रदेश के महत्वाकांक्षी गंगा एक्सप्रेसवे के दोनों किनारों पर इस वर्ष बड़े स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। करीब 594 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे के किनारे 500 हेक्टेयर क्षेत्र में 5.50 लाख पौधे लगाए जाएंगे। वन विभाग द्वारा पीपल, पाकड़, बरगद, नीम, गूलर, महुआ, आम, अर्जुन, अमलतास, कचनार और गुलमोहर जैसी प्रजातियों को प्राथमिकता दी जाएगी। पौधों की सुरक्षा के लिए फेंसिंग और ड्रिप इरिगेशन की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कई नए विशिष्ट वन होंगे स्थापित
पौधरोपण महाभियान-2026 के तहत प्रदेश में कई नए थीम आधारित वन विकसित किए जाएंगे। इनमें महर्षि चरक औषधि वन, समरस वन, समृद्धि वन, कृषि वन, ऊर्जा वन और कपि वन प्रमुख हैं। इसके अलावा मिशन छाया, अविरल धारा पौधरोपण, सहजन भंडारा और आम भंडारा जैसे विशेष कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष पौधरोपण
प्रदेश में 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) के अवसर पर भी व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 15 अगस्त को “वंदे मातरम वाटिका”, 28 अगस्त को रक्षाबंधन पौधरोपण अभियान तथा 5 सितंबर को “एक पेड़ गुरु के नाम” कार्यक्रम के तहत भी पौधे लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने जनसहभागिता पर दिया विशेष जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में निर्देश दिया कि पौधरोपण महाभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानकर जनआंदोलन और उत्सव के रूप में मनाया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, युवक एवं महिला मंगल दल, रोटरी-लायंस क्लब, ईको क्लब, एफपीओ तथा व्यापार मंडलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कृषि विभाग की देखरेख में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े किसान भी इस महाअभियान में भाग लेंगे, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनजागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को भी नई मजबूती मिलेगी।
योगी सरकार का हरित संकल्प: जनसहभागिता से 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे
सब हेडलाइन
52.44 करोड़ पौधे तैयार, गंगा एक्सप्रेसवे पर 5.50 लाख पौधरोपण और कई नए विशिष्ट वन होंगे स्थापित






