राष्ट्रीय कोर कमेटी की बैठक में सम्मेलन की तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा, सरदार पटेल जयंती कार्यक्रम की रणनीति भी बनी
नोएडा,
अखिल भारतीय गुर्जर महासभा की राष्ट्रीय कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक नोएडा स्थित महासभा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में समाज के शैक्षिक, सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक उत्थान को लेकर आगामी 4 एवं 5 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय विचार संगोष्ठी एवं परिचर्चा की तैयारियों और संगठन विस्तार की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंदर भाटी, केपी सिंह कसाना, राष्ट्रीय महासचिव रामकेश चपराना, गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, सुनील भाटी, जगबीर भाटी, मनवीर नागर सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 4 एवं 5 जुलाई 2026 को नोएडा स्थित होटल लेमन ट्री में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय समिति सम्मेलन को भव्य एवं प्रभावी स्वरूप दिया जाएगा। सम्मेलन में देशभर से राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, माननीय मंत्री, सांसद, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित व्यक्तियों को आमंत्रित किया जाएगा, जो समाज के विकास एवं सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव साझा करेंगे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने बताया कि सम्मेलन में शामिल होने वाले सभी अतिथियों के लिए ठहरने, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समुचित व्यवस्था की जाएगी। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज के समग्र विकास के लिए व्यापक विमर्श कर भविष्य की कार्ययोजना तैयार करना तथा संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना है।
बैठक में 31 अक्टूबर को भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर भी विस्तृत रणनीति बनाई गई। महासभा के पदाधिकारियों ने इस आयोजन को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने के लिए देशभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने कहा कि अखिल भारतीय गुर्जर महासभा समाज के हितों, युवाओं के भविष्य, शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन समाज के लिए नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
महासभा शीघ्र ही देश के विभिन्न राज्यों में संपर्क अभियान प्रारंभ कर सम्मेलन के लिए आमंत्रण एवं प्रचार-प्रसार का कार्य तेज करेगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।






