ग्रेटर नोएडा – 3 से 13 जून तक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स क्रिकेट ग्राउंड में होंगे मुकाबले, दर्शकों के लिए प्रवेश और पार्किंग पूरी तरह निशुल्क
ग्रेटर नोएडा,
ग्रेटर नोएडा के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। पहली बार बिग क्रिकेट लीग (BCL) सीजन-2 की मेजबानी ग्रेटर नोएडा करेगा। यह प्रतिष्ठित क्रिकेट टूर्नामेंट 03 जून से 13 जून 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित होगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत के कई दिग्गज खिलाड़ी मैदान पर अपना जलवा बिखेरेंगे।
इस लीग में भारत के पूर्व स्टार बल्लेबाज शिखर धवन, स्पिनर हरभजन सिंह, वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल, न्यूजीलैंड के दिग्गज रॉस टेलर, श्रीलंका के थिसारा परेरा और तिलकरत्ने दिलशान सहित कई प्रसिद्ध खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। क्रिकेट प्रेमियों को इन सितारों को करीब से देखने और उनके खेल का आनंद लेने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
दर्शकों के लिए मुफ्त प्रवेश
बिग क्रिकेट लीग के सभी मुकाबलों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रहेगा। इसके साथ ही दर्शकों की सुविधा के लिए पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था की गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए क्रिकेट ग्राउंड और आसपास के क्षेत्र में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) एनजी रवि कुमार के निर्देश पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) प्रेरणा सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण इस आयोजन में सहयोगी की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
छह टीमें, 18 मुकाबले और युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच
बिग क्रिकेट लीग के मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह ने बताया कि ऑनलाइन ट्रैवल टेक कंपनी ईज माई ट्रिप (EaseMyTrip) के सहयोग से आयोजित इस टूर्नामेंट में छह फ्रेंचाइजी टीमें टी-20 प्रारूप में कुल 18 मुकाबले खेलेंगी। लीग की मौजूदा चैंपियन टीम मुंबई मरींस है।
उन्होंने बताया कि लीग की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि देशभर से चयनित 60 शौकिया क्रिकेटरों को इन दिग्गज अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा कई पूर्व आईपीएल खिलाड़ी भी प्रतियोगिता का हिस्सा होंगे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
25 से अधिक देशों में होगा सीधा प्रसारण
भारत में बिग क्रिकेट लीग के मुकाबलों का सीधा प्रसारण यूरो स्पोर्ट्स चैनल पर किया जाएगा, जबकि डिजिटल प्लेटफॉर्म फैनकोड पर लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त लीग से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के माध्यम से यह टूर्नामेंट 25 से अधिक देशों में लाइव प्रसारित किया जाएगा।
क्रिकेट प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच
ईज माई ट्रिप के संस्थापक एवं चेयरमैन निशांत पिट्टी ने कहा कि बिग क्रिकेट लीग के साथ साझेदारी बेहद रोमांचक और संतोषजनक रही है। यह लीग क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों और जमीनी स्तर की प्रतिभाओं के बीच सेतु का कार्य कर रही है।
वहीं, बिग क्रिकेट लीग के लीग कमिश्नर दिलीप वेंगसरकर ने कहा कि लीग का उद्देश्य विश्वस्तरीय क्रिकेट मंच तैयार करना है, जहां युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और क्रिकेट के महान खिलाड़ियों के साथ खेलकर अनुभव प्राप्त कर सकें।
ग्रेटर नोएडा में पहली बार आयोजित हो रही यह लीग न केवल खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी, बल्कि शहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी दिलाएगी।







