IBA और यथार्थ हॉस्पिटल के बीच स्वास्थ्य सहयोग समझौता, हजारों उद्यमियों व कर्मचारियों को मिलेगा विशेष स्वास्थ्य लाभ
IBA–Yatharth Healthcare Connect 2026 का सफल आयोजन, हेल्थ बेनिफिट कार्ड लॉन्च, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी होंगे आयोजित
ग्रेटर नोएडा,

इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) एवं यथार्थ हॉस्पिटल, ओमेगा-1, ग्रेटर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में “IBA–Yatharth Healthcare Connect 2026” कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
इस अवसर पर यथार्थ हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, IBA पदाधिकारियों एवं उद्यमियों का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान IBA से जुड़े उद्यमियों, उनके परिवारजनों तथा औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों को विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हेल्थ बेनिफिट एवं डिस्काउंट कार्ड का लोकार्पण किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
यथार्थ हॉस्पिटल की चिकित्सा टीम ने अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं, विशेषज्ञ चिकित्सकों, आपातकालीन सेवाओं एवं विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। साथ ही विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों एवं उनके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि एसीपी-1 ग्रेटर नोएडा श्री राधारमण सिंह ने कहा कि स्वस्थ कर्मचारी ही मजबूत उद्योग की आधारशिला होते हैं। उन्होंने IBA और यथार्थ हॉस्पिटल की इस पहल को उद्योग जगत और समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि यह साझेदारी हजारों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी।
यथार्थ हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राघव केसरी ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल उपचार प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि IBA के साथ यह सहयोग उद्यमियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि यह समझौता केवल एक औपचारिक साझेदारी नहीं, बल्कि उद्योग जगत से जुड़े लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से आने वाले समय में हजारों परिवार लाभान्वित होंगे।
कार्यक्रम के दौरान IBA एवं यथार्थ हॉस्पिटल के बीच दीर्घकालिक स्वास्थ्य सहयोग पर सहमति बनी। दोनों संस्थाओं ने विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया। इन शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र एवं दंत जांच, चिकित्सकीय परामर्श तथा आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम में सहायक कारखाना निदेशक अंशुल त्रिपाठी, पूर्व सहायक आयुक्त उद्योग जी.पी. गोस्वामी, जीएसटी विभाग के सीटीओ तरुण राय, उद्योगपति सी.पी. राय, फायर स्टेशन ऑफिसर विनोद कुमार पाण्डेय तथा वरिष्ठ समाजसेवी राहुल नंबरदार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
यथार्थ हॉस्पिटल की ओर से डॉ. राघव केसरी, डॉ. अश्विनी कंसल, कुलदीप सिंह हांडा, सोनू कुमार सहित प्रबंधन एवं चिकित्सा टीम मौजूद रही। वहीं IBA की ओर से अध्यक्ष अमित उपाध्याय, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, डॉ. खुशबू सिंह, संयुक्त सचिव दक्ष शर्मा समेत बड़ी संख्या में उद्यमियों एवं सदस्यगण ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में युवा उद्यमी विकास राय की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। IBA एवं यथार्थ हॉस्पिटल को एक मंच पर लाकर इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सहयोग पहल को साकार करने में उनके योगदान की सभी ने प्रशंसा की।
कार्यक्रम में थाना बीटा-2 प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार एवं यथार्थ हॉस्पिटल चौकी प्रभारी उपेंद्र कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना की।
समापन अवसर पर मथुरा से विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) योगेश कुमार नौहवार ने कार्यक्रम में पहुंचकर इस साझेदारी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की जनकल्याणकारी पहलें स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उद्योग, श्रमिक एवं समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का कार्य करती हैं।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। उपस्थित अतिथियों, चिकित्सकों, उद्यमियों एवं प्रतिभागियों ने इस पहल को उद्योग जगत एवं समाज के स्वास्थ्य कल्याण की दिशा में एक ऐतिहासिक, दूरदर्शी एवं अनुकरणीय कदम बताया।






