विश्व पर्यावरण दिवस पर पौध भेंट कर जताया आभार, यमुना तटबंध सड़क परियोजना को लेकर ग्रामीणों ने सीईओ से की मुलाकात
ग्राम विकास संगठन नोएडा के प्रतिनिधिमंडल ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश को पौधा भेंट कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
नोएडा,
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम विकास संगठन नोएडा के संयोजक डी.पी. चौहान के नेतृत्व में गांव शाहपुर गोवर्धनपुर, नंगली वाजिदपुर तथा सेक्टर-130 के निवासियों ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश से सेक्टर-6 स्थित प्राधिकरण कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मुख्य कार्यपालक अधिकारी, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश पाल तथा ओएसडी क्रांति शेखर को पौधे भेंट किए।
ग्राम विकास संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने नोएडा प्राधिकरण द्वारा सेक्टर-94 से सेक्टर-135 होते हुए नंगली वाजिदपुर तक 11.5 किलोमीटर लंबी चार लेन यमुना तटबंध सड़क की रिसरफेसिंग एवं सफाई कार्य के लिए 34.18 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति दिए जाने पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए नोएडा प्राधिकरण द्वारा प्रथम किस्त के रूप में 11 करोड़ रुपये उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग को उपलब्ध करा दिए गए हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अशोक चौहान ने कहा कि यमुना तटबंध मार्ग की मरम्मत और सफाई को लेकर वर्ष 2021 से लगातार नोएडा प्राधिकरण एवं सिंचाई विभाग को पत्र लिखे जा रहे थे, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी थी। उन्होंने कहा कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश के कार्यभार संभालने के बाद विकास कार्यों में उल्लेखनीय तेजी आई है और जनहित से जुड़े लंबित मामलों का समाधान हो रहा है।
उन्होंने बताया कि यमुना तटबंध सड़क के निर्माण एवं सुधार कार्य पूर्ण होने के बाद रायपुर, बख्तावरपुर, असगरपुर, गढ़ी शाहपुर, नंगला, नंगली शाहपुर, नंगली वाजिदपुर, छपरौली, दोस्तपुर मंगरौली सहित आसपास के गांवों एवं सेक्टरों के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। साथ ही नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर लगने वाले यातायात जाम से भी काफी हद तक राहत मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। ग्रामीणों ने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों साथ-साथ चलें, यही सतत विकास की वास्तविक पहचान है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस अवसर पर ग्राम विकास संगठन के संयोजक डी.पी. चौहान, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान, सतेंद्र गुर्जर, अभिषेक चौहान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






