‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पीएम वन की शुरुआत, ग्रेटर नोएडा को हराभरा बनाने का आह्वान
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गौतमबुद्ध नगर के राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16बी स्थित ग्रीन बेल्ट में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण देना हम सभी की जिम्मेदारी और दायित्व है। इसके लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी नियमित देखभाल करना आवश्यक है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक पाठक एवं ओएसडी गिरीश कुमार झा की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने ग्रीन बेल्ट क्षेत्र को ‘पीएम वन’ नाम दिया। उन्होंने घोषणा की कि इस पीएम वन में उनकी ओर से प्रत्येक माह 30 पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल तथा एक स्थान पर एक जैसी प्रजाति के पौधे लगाने पर विशेष जोर दिया।

- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा सेक्टर-10 स्थित कोको काउंटी के निकट तथा मिलक लच्छी की ग्रीन बेल्ट में भी व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान पिलखन, अमलतास, गुलमोहर, नीम और जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
प्राधिकरण के इस अभियान में ग्रेटर नोएडा की विभिन्न आरडब्ल्यूए, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने वर्ष 2026-27 के दौरान लगभग 1.34 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। हालांकि प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार ने उद्यान विभाग को निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधरोपण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि शहर के हरित क्षेत्र का और अधिक विस्तार किया जा सके।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) श्रीलक्ष्मी वीएस ने जनसहभागिता को पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए नागरिकों से अपने घरों, पार्कों, ग्रीन बेल्टों और सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही ग्रेटर नोएडा को और अधिक हराभरा एवं पर्यावरण अनुकूल शहर बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर डीजीएम उद्यान एस.के. जैन, सहायक निदेशक उद्यान नथोली सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक रामकुमार एवं श्यामा प्रसाद, अवर अभियंता हरिंदर सिंह सहित प्राधिकरण के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






