विश्व पर्यावरण दिवस पर सेक्टर पी-4 में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
ग्रेटर नोएडा,

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सेक्टर पी-4 स्थित कैंटीन वाले पार्क में एचसीएल फाउंडेशन एवं सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एजुकेशन (CEE) के सहयोग से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेक्टरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सेक्टर निवासी एवं भारतीय किसान यूनियन (कृषक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण मानव जीवन का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि जिस शुद्ध हवा में हम सांस लेते हैं, वह पेड़ों की ही देन है। यदि जल और जंगल नहीं होंगे तो जीवन और सांस लेना दोनों ही कठिन हो जाएंगे। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कृष्ण नागर ने कहा कि पेड़ न केवल पर्यावरण को स्वच्छ बनाते हैं, बल्कि मानसिक शांति और खुशहाली भी प्रदान करते हैं। उन्होंने सेक्टरवासियों से अपने क्षेत्र को हरा-भरा बनाए रखने तथा आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के लिए एचसीएल फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में नरेंद्र चौहान, विनोद भाटी, श्याम चौधरी, अखिलेश भाटी, संजीव चौधरी, भगवत शर्मा, योगेश अवाना, जयपाल सिंह, श्यामवीर बिधूड़ी, प्रजेश, कुलदीप, शिव कुमार, साहिल, आदित्य, तृप्ति सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सेक्टरवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण एवं अधिकाधिक वृक्षारोपण का संकल्प लिया तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने का संदेश दिया।

