SIR के बाद भी हजारों फर्जी वोटों का दावा,
सपा ने चुनाव आयोगऔर भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
ग्रेटर नोएडा। समाजवादी पार्टी ने शनिवार को सेक्टर अल्फा-1 स्थित ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में चुनाव आयोग की मतदाता सूची शुद्धिकरण प्रक्रिया (SIR) और भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि SIR अभियान के बावजूद गौतमबुद्ध नगर की मतदाता सूचियों में बड़ी संख्या में फर्जी और डुप्लीकेट वोट मौजूद हैं, जिससे चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लग रहा है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि पार्टी द्वारा किए गए परीक्षण में दादरी विधानसभा क्षेत्र में 20 हजार से अधिक, जेवर विधानसभा क्षेत्र में 10 हजार से अधिक तथा नोएडा विधानसभा क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में डुप्लीकेट और फर्जी वोट चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में एक ही नाम, पिता के नाम और पते पर एक से अधिक मतदाता पंजीकृत पाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यदि SIR जैसी व्यापक प्रक्रिया के बाद भी मतदाता सूची में इतनी गंभीर विसंगतियां बनी हुई हैं, तो यह चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। उनका आरोप था कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का उद्देश्य सूची को त्रुटिरहित बनाना नहीं, बल्कि विपक्षी दलों के समर्थक मतदाताओं को प्रभावित करना प्रतीत होता है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सुधीर भाटी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को मिले जनसमर्थन से भाजपा चिंतित है और आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए मतदाता सूचियों में गड़बड़ियों की आशंका बढ़ी है। उन्होंने बताया कि पार्टी के पास संबंधित दस्तावेज और प्रमाण उपलब्ध हैं, जिन्हें जल्द ही जिला निर्वाचन अधिकारी और चुनाव आयोग को सौंपा जाएगा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।
प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर आरक्षण संबंधी अनियमितताओं के आरोप भी लगाए गए। सपा नेताओं ने कहा कि विभिन्न सरकारी भर्तियों में आरक्षित वर्गों के अधिकारों की अनदेखी की गई है। उन्होंने 69 हजार शिक्षक भर्ती, लेखपाल भर्ती, ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती, कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती, वन एवं वन्यजीव रक्षक भर्ती, प्रवर्तन कांस्टेबल भर्ती, पशु चिकित्सक भर्ती तथा चिकित्सा अधिकारी भर्ती सहित कई चयन प्रक्रियाओं का उल्लेख करते हुए आरक्षण नियमों के पालन पर सवाल उठाए।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि भाजपा सरकार पिछड़े, दलित और आदिवासी वर्गों के संवैधानिक अधिकारों को कमजोर कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण व्यवस्था के साथ छेड़छाड़ के कारण पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के युवाओं में निराशा और असंतोष बढ़ रहा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस अवसर पर फकीरचंद नागर, परमेंद्र भाटी एडवोकेट, विनोद लोहिया, नरेंद्र नागर, सुधीर तोमर, विक्रम टाइगर, डॉ. शशि यादव, अकबर खान, रामशरण नागर एडवोकेट, सुरेंद्र नागर, दीपक देवटा, विकास जतन भाटी, सुनील भाटी बदौली, देवेंद्र टाइगर एडवोकेट, अमन नागर, लाल सिंह गौतम, अनूप तिवारी, सीपी सोलंकी, देवेंद्र भाटी, विपिन कसाना, सुरेंद्र भाटी, अनिल नागर, अंजली श्रीवास्तव, भरत नागर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






