“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जनआंदोलन बनाने का संकल्प, भाजपा प्रवक्ता भारत गौड़ ने किया वृक्षारोपण
नई दिल्ली। पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संवर्धन और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत भाजपा शाहदरा ज़िला प्रवक्ता एडवोकेट भारत गौड़ ने कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर युवा पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हुए कुशाग्र गौड़, तन्मय कृष्णत्रय तथा प्रमुख समाजसेवी सुमित अरोड़ा भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान एडवोकेट भारत गौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष तथा भारत सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा के प्रेरणास्पद नेतृत्व में चलाया जा रहा यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृत्व के सम्मान, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए एक व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भारत गौड़ ने अभियान की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रत्येक नागरिक अपनी माता के नाम एक पौधा लगाए, उसकी नियमित देखभाल करे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचाए। अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायत परिसरों, पार्कों एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा। साथ ही स्थानीय जलवायु के अनुरूप पौधों का चयन और उनके संरक्षण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पर्यावरण एवं सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, जल स्रोतों की सफाई एवं संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त परिसर, पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा, जनजागरूकता रैलियां, संगोष्ठियां, परिचर्चाएं तथा सामाजिक सेवा कार्यों का भी आयोजन किया जाएगा। युवाओं और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी इस अभियान की प्रमुख ताकत होगी।
भारत गौड़ ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल हरित क्षेत्र का विस्तार करना नहीं, बल्कि जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों से मुकाबला करने में जनसहभागिता सुनिश्चित करना, मातृत्व के सम्मान को प्रकृति संरक्षण से जोड़ना तथा सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवकों से अपील की कि वे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें, अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनके संरक्षण का संकल्प लेकर स्वच्छ, हरित और समृद्ध भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
“एक पेड़ माँ के नाम केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति, मातृत्व और भविष्य की पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का जीवंत संकल्प है।” – एडवोकेट भारत गौड़






