एमपीएल टी20 सिंधिया कप 2026: ग्वालियर शेरनीज को 4 विकेट से हराकर बुंदेलखंड बुल्स ने कायम रखा विजयी अभियान
इंदौर, 7 जून।
आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 के महिला वर्ग में बुंदेलखंड बुल्स ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए ग्वालियर शेरनीज को 4 विकेट से हराकर लगातार जीत का सिलसिला बरकरार रखा। डेली कॉलेज, इंदौर में खेले गए रोमांचक मुकाबले में कप्तान अनुष्का शर्मा ने जिम्मेदार बल्लेबाजी

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बुंदेलखंड बुल्स ने ग्वालियर शेरनीज को निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 117 रन पर रोक दिया। ग्वालियर की ओर से कप्तान नुजहत परवीन ने 45 गेंदों में 38 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि आशना पाटीदार ने 16 रन और सौम्या तिवारी ने उपयोगी योगदान दिया। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन मध्यक्रम अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सका।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बुंदेलखंड बुल्स की ओर से शुचि उपाध्याय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। वहीं मुस्कान बिस्वास ने 17 रन देकर 2 विकेट चटकाए और पायल बाल्मिक ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए एक सफलता हासिल की।
118 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुंदेलखंड बुल्स की शुरुआत लड़खड़ाती रही और टीम ने 31 रन के स्कोर पर अपने तीन महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। ऐसे मुश्किल समय में कप्तान अनुष्का शर्मा और सुहानी शर्मा ने मोर्चा संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 49 रनों की अहम साझेदारी की। सुहानी ने 19 गेंदों में 25 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम की वापसी कराई।
इसके बाद अनुष्का शर्मा ने धैर्य और समझदारी से बल्लेबाजी जारी रखते हुए टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। मैच के अंतिम चरण में माही ठाकुर को नो-बॉल के कारण जीवनदान मिला, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाते हुए 18 गेंदों में 16 महत्वपूर्ण रन जोड़े।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अंत में बुंदेलखंड बुल्स ने 4 विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। कप्तान अनुष्का शर्मा 49 रन बनाकर नाबाद लौटीं और उन्हें उनकी शानदार पारी के लिए मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया।
इस शानदार प्रदर्शन के साथ अनुष्का शर्मा ने ऑरेंज कैप पर भी कब्जा जमा लिया है। तीन मुकाबलों में उनके नाम अब 140 रन दर्ज हो चुके हैं, जिससे वह टूर्नामेंट की सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं।
बुंदेलखंड बुल्स की यह जीत टीम के संतुलित प्रदर्शन और कप्तान अनुष्का शर्मा के नेतृत्व की एक और मिसाल साबित हुई है। टीम अब टूर्नामेंट में खिताब की मजबूत दावेदार के रूप में उभरकर सामने आई है।






