FONRWA एवं विभिन्न सेक्टरों के प्रतिनिधियों के साथ गोष्ठी, यातायात, सुरक्षा और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने शनिवार को सेक्टर-52 स्थित FONRWA (Federation of Noida Residents Welfare Association) कार्यालय में विभिन्न सेक्टरों की आरडब्ल्यूए (RWA) के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित कर स्थानीय नागरिक समस्याओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आमजन से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गोष्ठी में यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, पुलिस-जन संवाद, किराएदार सत्यापन, लावारिस वाहनों की समस्या, साप्ताहिक बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था तथा सोसाइटियों के आसपास की कानून-व्यवस्था जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में नियमित रूप से जाम की समस्या उत्पन्न होती है, वहां आवश्यकता अनुसार यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही सेक्टरों और सोसाइटियों की सड़कों पर अनावश्यक रूप से खड़ी स्कूली बसों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा लंबे समय से खड़े लावारिस वाहनों का सत्यापन कर आवश्यक कदम उठाए जाएं।
उन्होंने मकान मालिकों को किराएदारों के अनिवार्य पुलिस सत्यापन के प्रति जागरूक करने और विभिन्न सेक्टरों में संचालित पीजी (PG) का सत्यापन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा साप्ताहिक बाजारों में यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस-जन संवाद को मिलेगा नया स्वरूप
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे समय-समय पर आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ संवाद और बैठकें आयोजित करें। सोसाइटियों एवं सेक्टरों के आसपास स्थित सुनसान एवं संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर वहां नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और नए सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने की कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कर पुलिस के प्रति जनविश्वास को और अधिक मजबूत बनाया जाए।
नियमित संवाद के लिए विशेष निर्देश
- प्रत्येक पुलिस उपायुक्त (DCP) महीने में कम से कम एक बार आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
- प्रत्येक थाना प्रभारी 15 दिन में एक बार संवाद कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
- प्रत्येक चौकी प्रभारी सात दिन में एक बार आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से मुलाकात कर समस्याओं की समीक्षा करेंगे।
- सभी पुलिस अधिकारी FONRWA/RWA के साथ समन्वय स्थापित कर एक-एक पार्क गोद लेंगे और उसके रखरखाव एवं सुरक्षा से जुड़े कार्यों में सहयोग करेंगे।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
गोष्ठी के दौरान पुलिस कमिश्नर ने जनसमस्याओं के प्रति उदासीन रवैया अपनाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए:
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
- चौकी इंचार्ज सेक्टर-110 को निलंबित कर दिया।
- थाना प्रभारी सेक्टर-49 को लाइन हाजिर किया गया।
- थाना प्रभारी फेस-2, सेक्टर-24 और सेक्टर-58 को कड़ी चेतावनी जारी की गई।
- हरिदर्शन चौकी के वर्तमान एवं पूर्व चौकी प्रभारी के विरुद्ध प्रारंभिक जांच एवं विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में रहे मौजूद
गोष्ठी में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र, डीसीपी नोएडा साद मियां खान, डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र, प्रभारी डीसीपी साइबर शैव्या गोयल सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं FONRWA की ओर से अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा तथा विभिन्न सेक्टरों के आरडब्ल्यूए पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।







