फर्जी मुकदमों, बिजली बिलों की गड़बड़ी, कटौती और प्रीपेड मीटर व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा
ग्रेटर नोएडा। किसानों की बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर भारतीय किसान यूनियन (कृषक) के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय सचिव ऋषिपाल कसाना के नेतृत्व में नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई।
इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर ने बताया कि बैठक में किसानों पर दर्ज किए जा रहे कथित फर्जी मुकदमे, बिजली बिलों में अनियमितताएं, समय पर बिजली कनेक्शन न मिलना, प्रीपेड मीटर व्यवस्था को समाप्त करने, क्षेत्र में जारी भारी बिजली कटौती, किसानों के ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने तथा गांवों और सेक्टरों में खुले पड़े पैनल बॉक्सों से उत्पन्न हो रहे खतरे जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में एनपीसीएल की ओर से जीएम ऑपरेशन राजेश श्रीवास्तव, डीजीएम ऑपरेशन ईशफाक बैग, मैनेजर तरुण राज, सीनियर मैनेजर रमेश कुमार, सीनियर मैनेजर सुशील सुनार, मैनेजर तरुण चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कृष्ण नागर ने बताया कि किसानों ने अधिकारियों के समक्ष मांग रखी कि खुले पड़े बिजली पैनल बॉक्सों को तत्काल सुरक्षित कराया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका समाप्त हो सके। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली कटौती पर भी नाराजगी जताई गई और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
बैठक के दौरान एनपीसीएल अधिकारियों ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए एक माह का समय मांगा। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि किसानों द्वारा उठाए गए मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन (कृषक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक माह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन किसानों के हितों की रक्षा के लिए एनपीसीएल कार्यालय का घेराव करने को बाध्य होगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक में कृष्ण नागर, ऋषिपाल कसाना, सरजीत नागर, रविंद्र भाटी, सोविंदर चेची, विक्रम नागर (अमरपुर), भूपेंद्र नागर, सुमित सिंह, इमरान खान, सुमित नागर, राशिद सहित बड़ी संख्या में किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
किसान नेताओं ने उम्मीद जताई कि एनपीसीएल किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कर उन्हें राहत प्रदान करेगा।






