संगठन विस्तार के साथ किसानों के मुद्दों पर हुआ मंथन
10 प्रतिशत प्लॉट, आबादी निस्तारण और बिजली दरों को लेकर उठी आवाज
धनपुरा (दादरी)। किसान नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय राजेश पायलट की पुण्यतिथि के अवसर पर धनपुरा गांव में भारतीय किसान यूनियन की संगठन विस्तार बैठक एवं किसान पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. राजेश पायलट के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित किसानों और पदाधिकारियों ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन, किसान हितों के प्रति समर्पण और जनसेवा को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक की अध्यक्षता जोगिंदर कसाना ने की, जबकि संचालन संजय भाटी द्वारा किया गया। बैठक में आगामी हरिद्वार चिंतन शिविर की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही गौतमबुद्ध नगर जनपद के किसानों से जुड़े प्रमुख मुद्दों जैसे 10 प्रतिशत विकसित प्लॉट, आबादी निस्तारण, बढ़ी हुई बिजली दरें, श्मशान घाट की बाउंड्री निर्माण तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर रणनीति बनाई गई।
इस अवसर पर ग्रामवासियों द्वारा सभी अतिथियों एवं किसान नेताओं का पुष्पमालाओं, पुष्पगुच्छों और संगठन का पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में किसानों और ग्रामीणों का उत्साह देखने लायक रहा।
संगठन विस्तार अभियान के तहत अभिषेक कसाना पुत्र सुनील कसाना ने भारतीय किसान यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। उनकी सक्रियता को देखते हुए दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी ने उन्हें संगठन का जिला सचिव नियुक्त किया। इसके अलावा अमन सरपंच, पवन कसाना, रवि कुमार, धर्मेंद्र कुमार, टिंकू सैनी सहित कई युवाओं और किसानों ने चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के सिद्धांतों में विश्वास जताते हुए भारतीय किसान यूनियन की सदस्यता ग्रहण की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक को संबोधित करते हुए गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन पूरी मजबूती के साथ संघर्ष कर रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि हरिद्वार चिंतन शिविर के बाद संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर किसानों की लंबित मांगों के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से हरिद्वार पहुंचने का आह्वान करते हुए बताया कि शिविर में टिकैत रसोई के माध्यम से किसानों के भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं
सुनिश्चित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन किसानों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई निरंतर लड़ती रहेगी तथा किसान हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को प्रशासन और सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।
इस अवसर पर गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी, अनिल खारी, संजय फौजी, महिपाल भाटी, अरुण भाटी, अनूप नागर, मनवीर भाटी, श्री पहलवान, लाल सिंह कसाना, राजेश कुमार शर्मा, चमन भाटी, नरेश मुखिया, ओमवीर कसाना, अजीत कसाना, प्रियांशु कसाना, दीपक कसाना सहित बड़ी संख्या में किसान, पदाधिकारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन किसानों की एकजुटता, संगठन विस्तार और किसान हितों की लड़ाई को और मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।






