पुलिस भर्ती परीक्षा का तीसरा दिन शांतिपूर्ण व नकलविहीन संपन्न, डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
बागला डिग्री कॉलेज एवं बागला इंटर कॉलेज केंद्रों पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के तीसरे दिन जनपद हाथरस में परीक्षा शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसपी ने बागला डिग्री कॉलेज और बागला इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम और स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों की गतिविधियों पर निगरानी रखी। इसके साथ ही विभिन्न परीक्षा कक्षों का निरीक्षण कर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, छायादार प्रतीक्षा स्थल, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर मेडिकल टीमों की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखा गया, जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों एवं उनके आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अभ्यर्थियों को सघन जांच और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विश्वास जताया कि आगामी पालियों की परीक्षाएं भी इसी प्रकार पूर्ण पारदर्शिता, सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाएंगी। उन्होंने परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग की समन्वित व्यवस्था के चलते परीक्षा का तीसरा दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और परीक्षार्थियों को सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया गया।






