एडीसीपी संतोष कुमार ने किया थाना कासना का वार्षिक निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और जनसुनवाई पर दिया जोर
थाना कार्यालय, साइबर हेल्प डेस्क, हवालात, बैरक और मिशन शक्ति केंद्र का लिया जायजा, पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
ग्रेटर नोएडा, 11 जून 2026। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार तथा डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीन रंजन सिंह के पर्यवेक्षण में एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने गुरुवार को थाना कासना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
एडीसीपी ने थाना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क, डाक कार्यालय, हवालात, मेस, बैरक तथा मिशन शक्ति केंद्र सहित विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। थाना परिसर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने थाना प्रभारी एवं हेड मोहर्रिर को मालखाने में लंबित माल के शीघ्र निस्तारण, थाना परिसर एवं बैरकों की नियमित साफ-सफाई, आगंतुकों के लिए बेहतर बैठने की व्यवस्था तथा लावारिस वाहनों की नियमानुसार नीलामी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान साइबर हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों को पीड़ितों की त्वरित सहायता करने, प्राप्त शिकायतों को रजिस्टर में विधिवत दर्ज करने तथा सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही महिलाओं से संबंधित मामलों में नियमित फीडबैक लेने और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया गया।
थाना कार्यालय के निरीक्षण के दौरान एडीसीपी ने सभी अभिलेखों एवं रजिस्टरों के सुव्यवस्थित रखरखाव पर जोर देते हुए रिकॉर्ड को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना प्रभारी को आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्याओं को गंभीरता से सुनने, जनसामान्य के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने तथा पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके अलावा सभी विवेचकों को लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने, कानून-व्यवस्था संबंधी कार्यों में सतर्कता बरतने तथा कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एडीसीपी संतोष कुमार ने कहा कि पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितैषी बनाने के लिए नियमित निरीक्षण और समीक्षा आवश्यक है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आह्वान किया।






