ग्रेटर नोएडा,
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में स्वच्छ एवं हरित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए आज इलेक्ट्रिक वाहन सेवा (EVI) दादरी द्वारा संचालित ग्रीन हाइड्रोजन आधारित मोबिलिटी परियोजना (Green Hydrogen Based Mobility Project) के अंतर्गत तीन हाइड्रोजन ईंधन आधारित बसों का फ्लैग ऑफ किया गया। यह परियोजना यमुना प्राधिकरण के सहयोग से संचालित की जा रही है।
ग्रीन हाइड्रोजन मोबिलिटी एक अत्याधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल अवधारणा है, जिसके तहत बसें पारंपरिक डीजल ईंधन के स्थान पर हाइड्रोजन ईंधन से संचालित होंगी। यह पहल न केवल प्रदूषण कम करने में सहायक होगी, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भारत को नई दिशा भी प्रदान करेगी।
परियोजना की प्रमुख विशेषताएं एवं लाभ
- यह परियोजना सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के जल का उपयोग करती है, जिससे भूजल का दोहन नहीं होगा।
- प्रतिदिन लगभग 2080 किलोग्राम ऑक्सीजन का उत्पादन होगा, जो लगभग 1750 पेड़ लगाने के बराबर पर्यावरणीय लाभ प्रदान करेगा।
- हाइड्रोजन फ्यूल सेल बसों से उत्सर्जन के रूप में केवल पानी निकलेगा, जिससे वायु प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी।
- इस परियोजना के माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 1000 टन कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) उत्सर्जन में कमी आने का अनुमान है।
- यह परियोजना भारत का सबसे बड़ा ग्रीन हाइड्रोजन फ्यूलिंग स्टेशन स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
आधुनिक तकनीक से सुसज्जित बसें
परियोजना के तहत संचालित प्रत्येक बस की यात्री क्षमता 42 यात्रियों की है तथा बस की लंबाई 12 मीटर है। प्रत्येक बस में एक बार में 56 किलोग्राम हाइड्रोजन भरी जा सकेगी, जिससे बस लगभग 750 किलोमीटर की यात्रा तय करने में सक्षम होगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्वच्छ ऊर्जा और टिकाऊ विकास की दिशा में बड़ा कदम
ग्रीन हाइड्रोजन आधारित मोबिलिटी परियोजना स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण एवं टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह परियोजना न केवल प्रदूषण नियंत्रण में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि भविष्य के हरित परिवहन मॉडल का मार्ग भी प्रशस्त करेगी। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में इस परियोजना का शुभारंभ उत्तर प्रदेश को हरित और सतत विकास के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।






