ग्रेटर नोएडा । थाना इकोटेक-3 पुलिस ने अपराध और अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, दो तमंचे, 9 जिंदा कारतूस तथा एक बिना नंबर प्लेट की फॉर्च्यूनर कार बरामद की है।
पुलिस को मैनुअल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना इकोटेक-3 पुलिस टीम ने खैरपुर गोल चक्कर के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी कर कार्रवाई की और चारों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राहुल यादव, यश नागर, अभिषेक उर्फ अन्नू और जोगेन्द्र उर्फ हैप्पी के रूप में
हुई है। तलाशी के दौरान राहुल यादव और यश नागर के कब्जे से एक-एक अवैध पिस्टल तथा जिंदा कारतूस बरामद हुए, जबकि अभिषेक उर्फ अन्नू और जोगेन्द्र उर्फ हैप्पी के पास से एक-एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की एक फॉर्च्यूनर कार भी बरामद हुई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्तों में शामिल यश नागर थाना इकोटेक-3 का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास रहा है और वे पूर्व में विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल
जा चुके हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 239/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही बरामद फॉर्च्यूनर कार के संबंध में भी जांच की जा रही है कि उसका उपयोग किसी आपराधिक घटना में तो नहीं किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बरामदगी
- 02 अवैध पिस्टल (.32 बोर)
- 05 जिंदा कारतूस (.32 बोर)
- 02 तमंचे (.315 बोर)
- 04 जिंदा कारतूस (.315 बोर)
- 01 बिना नंबर प्लेट की फॉर्च्यूनर कार
हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियारों के दम पर वारदात की फिराक में थे बदमाश।






