गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान 200 लोगों की सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
गोरखपुर, 14 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित दिग्विजय नाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लगभग 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से संवाद कर उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश सरकार हर जरूरतमंद नागरिक के साथ मजबूती से खड़ी है और प्रत्येक पात्र व्यक्ति की उचित समस्या का समाधान कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को न्याय और सहायता के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
पुलिस और राजस्व मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पुलिस और राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतों पर गंभीरता दिखाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी मामलों का समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने में कोई कोताही न बरती जाए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इलाज की चिंता छोड़ें, सरकार करेगी मदद
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि स्वास्थ्य संबंधी चिंता सरकार पर छोड़ दें, सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं तथा आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
गोसेवा कर दिया संवेदनशीलता का संदेश
रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पारंपरिक दिनचर्या का पालन करते हुए महायोगी गुरु गोरखनाथ एवं ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज के चरणों में श्रद्धा अर्पित की। इसके बाद मंदिर की गोशाला पहुंचकर गोवंश की सेवा की और उन्हें अपने हाथों से गुड़-रोटी खिलाई।
बच्चों पर लुटाया स्नेह, बांटी चॉकलेट
मंदिर परिसर के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने परिजनों के साथ आए बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों को पास बुलाकर उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी ली, उन्हें प्रोत्साहित किया और चॉकलेट वितरित की। जनता दर्शन के दौरान भी बच्चों को चॉकलेट देकर मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जनता की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनता दर्शन कार्यक्रम एक बार फिर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और संवेदनशील प्रशासन की प्रतिबद्धता का प्रतीक बना। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता से जुड़े प्रत्येक मामले का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को समय पर न्याय और राहत मिल सके।






