“12 साल बेमिसाल: बदला भारत, बढ़ा विश्वास” — अमित उपाध्याय ने गिनाईं विकास की उपलब्धियां
ग्रेटर नोएडा। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए व्यापक विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने केवल विकास की योजनाएं नहीं बनाई हैं, बल्कि करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
अमित उपाध्याय ने कहा कि एक समय था जब आम नागरिक को पानी, गैस, आवास, स्वास्थ्य सेवाओं और बैंकिंग सुविधाओं जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए संघर्ष करना पड़ता था, लेकिन आज हर घर जल, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, जनधन योजना, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) और डिजिटल इंडिया जैसी पहलों ने आम जनजीवन को सरल और सशक्त बनाया है।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अब बिना किसी बिचौलिये के सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है। डिजिटल तकनीक के विस्तार से सरकारी सेवाएं लोगों की पहुंच में आई हैं और पारदर्शिता बढ़ी है। इससे देश में ‘ईज ऑफ लिविंग’ को नई मजबूती मिली है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उद्योग और व्यापार जगत का उल्लेख करते हुए अमित उपाध्याय ने कहा कि पिछले एक दशक में उद्यमियों और MSME सेक्टर को अभूतपूर्व अवसर प्राप्त हुए हैं। डिजिटल भुगतान, यूपीआई, ऑनलाइन अनुमतियां, मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, पीएलआई योजनाएं और आधुनिक बुनियादी ढांचे ने उद्योगों को नई दिशा और गति प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, डिजिटल नेटवर्क और पारदर्शी व्यवस्थाओं ने उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत किया है। यही कारण है कि आज भारत वैश्विक निवेशकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनकर उभरा है।
अमित उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह आम नागरिक के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और सुविधा के रूप में दिखाई देता है। यह यात्रा गरीबों तक पहुंची सुविधाओं, किसानों के बढ़े आत्मविश्वास, युवाओं के नए अवसरों और उद्यमियों के मजबूत होते विश्वास की कहानी है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि आज का भारत दुनिया को यह संदेश दे रहा है कि स्पष्ट नीयत, मजबूत नीति और दूरदर्शी नेतृत्व के साथ कोई भी परिवर्तन असंभव नहीं होता।
अंत में उन्होंने कहा कि “12 साल बेमिसाल” केवल एक नारा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव और विकसित भारत की दिशा में बढ़ते कदमों की सशक्त गाथा है।






