हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ का दिया संदेश
गौतमबुद्धनगर, 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद गौतमबुद्धनगर में उत्साह, उमंग और भव्यता के साथ योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम, ग्रेटर नोएडा एवं इंडोर स्टेडियम सेक्टर-21ए, नोएडा में आयोजित मुख्य कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।
इस वर्ष का अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस “योग फॉर हेल्दी एजिंग” (Yoga for Healthy Ageing) थीम पर आधारित रहा। कार्यक्रम में पिछड़ा एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कुमार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ दादरी विधायक तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा एवं नरेंद्र भाटी सहित अनेक
जनप्रतिनिधियों ने योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव अनुराग यादव, जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, एसीईओ प्रेरणा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा और उनके प्रेरणादायी संदेश को सुना।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं गुब्बारे उड़ाकर किया गया। योगाचार्यों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग ने वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन जीने की संपूर्ण जीवनशैली है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को बढ़ती आयु में भी स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर बनाए रखता है।
योग सत्र का संचालन योगाचार्य योगी अनुराग एवं आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक कुलभूषण धर दुबे ने किया। उन्होंने योग के विभिन्न अभ्यासों के साथ उसके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी भी दी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जनपद के विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, औद्योगिक इकाइयों, कॉरपोरेट संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर भी योग दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों के माध्यम से स्वस्थ, जागरूक और योगमय समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।






