ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 17 गांवों में जगमगाएंगी एलईडी स्ट्रीट लाइटें, 3.5 करोड़ रुपये से 2600 नई लाइटें लगेंगी
ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 17 गांवों में आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने का निर्णय लिया है। इस परियोजना के तहत करीब 2600 एलईडी स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएंगी, जिससे गांवों के डार्क जोन रोशन होंगे और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी। इस कार्य पर लगभग 3.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार के निर्देश पर विद्युत अभियांत्रिकी विभाग ने इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। साथ ही स्ट्रीट लाइटों की स्थापना के लिए आवश्यक सर्वे एवं लोकेशन चिन्हांकन का कार्य भी पूरा हो चुका है। अगले एक माह के भीतर लाइटें लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस परियोजना के अंतर्गत सूरजपुर, भोला रावल, तिलपता करनवास, कुलेसरा, कैलाशपुर (किराचपुर), बिसरख, ऐमनाबाद, सादोपुर, इटेड़ा, खोदना खुर्द, खैरपुर गुर्जर, छपरौला, खेड़ा धर्मपुरा, मिलक लच्छी, खेड़ी, भनौता और सुनपुरा सहित 17 गांवों में एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण लगातार पुराने सोडियम स्ट्रीट लाइटों को हटाकर ऊर्जा दक्ष एलईडी स्ट्रीट लाइटें स्थापित कर रहा है। इसके साथ ही शहर और गांवों के डार्क जोन को चिन्हित कर रोशन किया जा रहा है। अब तक प्राधिकरण द्वारा गांवों और सेक्टरों में एक लाख से अधिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जा चुकी हैं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के डार्क जोन को प्राथमिकता के आधार पर रोशन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 17 गांवों में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले एक माह में कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बेहतर रोशनी न केवल अंधेरा दूर करेगी, बल्कि महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करेगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
यह परियोजना ग्रेटर नोएडा वेस्ट के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और सुरक्षित एवं बेहतर जीवन-स्तर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।






