मुख्यमंत्री योगी से मिली बलिया की दिव्यांग बेटी रागिनी, इलाज से लेकर पढ़ाई तक हर मदद का मिला भरोसा
ट्राइसिकल के बाद अब रागिनी के इलाज, ऑपरेशन, आवास और शिक्षा की भी होगी व्यवस्था; मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
बलिया की सात वर्षीय दिव्यांग बेटी रागिनी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान रागिनी के माता-पिता एवं बलिया की भाजपा विधायक श्रीमती केतकी सिंह भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने रागिनी से आत्मीयता से बातचीत कर उसके स्वास्थ्य, पढ़ाई एवं परिवार की आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
मनियर ब्लॉक की दिघेड़ा ग्रामसभा के रानीपुर गांव निवासी रागिनी प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा है। स्कूल आने-जाने में सुविधा के लिए रागिनी ने ट्राइसिकल की मांग की थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बलिया के जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रागिनी को दो ट्राइसिकल उपलब्ध कराई थीं। अब मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान रागिनी के बेहतर इलाज, ऑपरेशन, पढ़ाई तथा परिवार के लिए आवास की व्यवस्था का भी भरोसा दिया गया।
मुख्यमंत्री की संवेदनशील पहल से रागिनी एवं उसके परिवार को बड़ी राहत मिली है। यह पहल जरूरतमंदों की समस्याओं के प्रति सरकार की मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई को दर्शाती है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
रागिनी के परिवार ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
रागिनी की मां बबिता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए बताया कि उनकी बेटी के पैर में परेशानी है और इसी समस्या को लेकर वे मुख्यमंत्री से मिलने आए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने रागिनी के इलाज का पूरा खर्च उठाने तथा ऑपरेशन की व्यवस्था कराने का भरोसा दिया है।
बबिता ने गांव की खराब सड़क को ठीक कराने एवं रागिनी को ट्राइसिकल उपलब्ध कराने के लिए भी मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल से उनकी बेटी को स्कूल आने-जाने में काफी सुविधा होगी।
रागिनी के पिता देवेंद्र ने बताया कि कई वर्ष पहले सड़क हादसे में उनकी बेटी का पैर फ्रैक्चर हो गया था। मुख्यमंत्री ने इलाज के साथ-साथ रागिनी की पढ़ाई जारी रखने और परिवार को आवास उपलब्ध कराने में भी मदद का भरोसा दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने के लिए विधायक केतकी सिंह का भी आभार जताया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री ने वीडियो का संज्ञान लेकर तत्काल कराई थी मदद
भाजपा विधायक केतकी सिंह ने बताया कि रागिनी का वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं उसका संज्ञान लिया और जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने रागिनी के इलाज का पूरा खर्च सरकार द्वारा उठाने, ऑपरेशन की व्यवस्था कराने, परिवार को आवास उपलब्ध कराने तथा घर के पास की खराब सड़क को ठीक कराने का भरोसा दिया है। इसके साथ ही रागिनी की पढ़ाई सुचारु रूप से जारी रखने के लिए भी हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की मिसाल है। किसी जरूरतमंद को अपनी समस्या मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए लंबे इंतजार की आवश्यकता नहीं पड़ती। सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री स्वयं संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हैं।
रागिनी एवं उसके परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस मानवीय पहल के लिए आभार व्यक्त किया है।


