काशी-वडनगर के बीच सेवा संकल्प यात्रा का शुभारंभ, राजनाथ सिंह बोले—मोदी सरकार ने देश को नई दिशा दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर वाराणसी में कार्यक्रम, 10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर वाराणसी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। इस दौरान काशी और प्रधानमंत्री मोदी की जन्मभूमि वडनगर को जोड़ने वाली सेवा यात्रा को रवाना किया गया। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, चिराग पासवान तथा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भविष्य में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विरासत लिखी जाएगी, तब उसमें नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने, महिलाओं को संसद में बराबर की भागीदारी देने तथा युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने जैसे कार्यों का उल्लेख किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि एक महान नेता देशवासियों को स्वावलंबी बनाने का काम करता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी दिशा में कार्य किया है। राजनाथ सिंह ने काशी-वडनगर यात्रा को प्रधानमंत्री की जन्मभूमि और कर्मभूमि को जोड़ने वाली यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि काशी से प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन को नई ऊर्जा मिली, जबकि वडनगर से उन्हें संस्कार और प्रेरणा प्राप्त हुई। यह यात्रा सेवा, संस्कार और साधना का संगम है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
2014 से पहले अवसरों का लाभ नहीं उठा पाई सरकारें
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश के हाथ से कई अवसर निकल जाते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के सामने देश के विकास से अधिक कुर्सी बचाने की चिंता रहती थी। सेमीकंडक्टर उद्योग का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उस समय भारत में फैक्ट्री लगाने की इच्छुक कंपनी को अनुमति नहीं मिल सकी, जिससे देश रोजगार और औद्योगिक विकास के एक बड़े अवसर से वंचित रह गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेमीकंडक्टर उद्योग को बढ़ावा देने की पहल की गई। आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बात को पूरी दुनिया गंभीरता से सुनती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में लंबे समय तक जनसेवा की है।
काशी और वडनगर के बीच 250-250 बाइक से यात्रा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि काशी से 250 बाइक पर 500 यात्री गंगाजल लेकर वडनगर के लिए रवाना हुए हैं। इसी प्रकार वडनगर से भी 250 बाइक पर 500 यात्री गुजरात की पवित्र नदियों का जल लेकर काशी की ओर यात्रा कर रहे हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर को वडनगर में बाबा हाटकेश्वर को जल अर्पित किया जाएगा, जबकि काशी में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर यात्रा का समापन होगा। यह यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। उत्तर प्रदेश के 50 जिले भी यात्रा के मार्ग में शामिल होंगे।
पंकज चौधरी के अनुसार, यात्रा के दौरान प्रतिदिन 60 से 80 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और प्लास्टिक मुक्त भारत का संकल्प दिलाया जाएगा। प्रत्येक पड़ाव पर डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन, स्थानीय लोगों से संवाद तथा स्वच्छता कर्मियों का सम्मान भी किया जाएगा।
भारत के सम्मान और गौरव का नाम हैं नरेंद्र मोदी: चिराग पासवान
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को देश और विदेश में नई पहचान दिलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी केवल प्रधानमंत्री का नाम नहीं, बल्कि भारत के सम्मान और गौरव का नाम है। पिछले वर्षों में भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी क्षमता को स्थापित किया है और आज पूरी दुनिया की नजर भारत पर है।
अन्नदाता मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा: चंद्रबाबू नायडू
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने काशी की धरती पर उपस्थित होने को गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि काशी प्राचीन नगरी होने के साथ-साथ नई सोच और ऊर्जा देने वाली धरती है। वडनगर से काशी तक की यात्रा सेवा और विकास का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि अन्नदाता मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने वाराणसी में बालाजी मंदिर निर्माण की इच्छा भी व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उपस्थित लोगों से मोबाइल की टॉर्च जलवाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दिलाईं। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की प्रधानमंत्री की पहल का उल्लेख करते हुए भारत की पारंपरिक कला और उत्पादों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने की बात कही।


