शिक्षा, सामाजिक एकता और कुरीतियों के उन्मूलन पर जोर; देवनारायण मंदिर में पुस्तकालय के लिए एक लाख रुपये का सहयोग
श्री महावीरजी, करौली (राजस्थान), 5 अक्टूबर 2026। अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के तत्वावधान में श्री महावीरजी स्थित भगवान देवनारायण मंदिर प्रांगण में राष्ट्रीय एवं प्रदेश परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता मंदिर समिति के अध्यक्ष सूबेदार सिरमौर ने की, जबकि संचालन महासभा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. रूप सिंह ने किया।
सम्मेलन में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरीश चंद्र भाटी, युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष सुंदर चौधरी, देवकीनंदन काका, मनफूल पटेल, रामकेश चपराना, गौतम बुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी तथा राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष पुरुषोत्तम फागना सहित महासभा के अनेक पदाधिकारी और समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ हुआ भव्य स्वागत
सम्मेलन से पहले महासभा के पदाधिकारियों का काफिला श्री महावीरजी के मुख्य बाजारों से गुजरा। इस दौरान स्थानीय लोगों और समर्थकों ने पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर पदाधिकारियों का स्वागत किया। खुली जीप में सवार पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में युवा और स्थानीय लोग भी शामिल रहे। देशभक्ति एवं सामाजिक गीतों के बीच पूरा क्षेत्र “गुर्जर एकता जिंदाबाद” और भगवान देवनारायण के जयकारों से गूंज उठा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
शिक्षा और सामाजिक एकता पर जोर
सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने समाज में शिक्षा के प्रसार, सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और कुरीतियों के उन्मूलन को लेकर सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा और युवाओं की सकारात्मक भागीदारी महत्वपूर्ण है।
इसी क्रम में महासभा की ओर से देवनारायण मंदिर परिसर में पुस्तकालय की स्थापना के लिए मंदिर समिति को एक लाख रुपये का सहयोग प्रदान किया गया। साथ ही पुस्तकालय का कार्य शीघ्र शुरू करने का आह्वान किया गया, ताकि युवाओं और समाज के लोगों को अध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधा मिल सके।
आरक्षण एवं सामाजिक मुद्दों को लेकर उठाई मांगें
सम्मेलन में राजस्थान में गुर्जर आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करने, ओबीसी समाज के विमुक्त जनजाति आरक्षण से संबंधित प्रावधानों को पूरे देश में लागू करने, राजस्थान गुर्जर आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लेने तथा आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने जैसी मांगें भी उठाई गईं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वक्ताओं ने कहा कि समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर संगठित एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात संबंधित स्तर तक पहुंचाने के लिए समाज को एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए।
सिकंदरा में शहीदों को श्रद्धांजलि
करौली पहुंचने से पूर्व यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर महासभा के पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। सिकंदरा में गुर्जर आंदोलन के शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर समाज के लोगों ने शहीदों के योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान दौसा नगर परिषद अध्यक्ष रेखा गुर्जर तथा कोटा की पार्षद निर्मला देवी का भी सम्मान किया गया।
27 अक्टूबर की गुर्जर स्वाभिमान रैली में पहुंचने का आह्वान
सम्मेलन के दौरान उपस्थित समाज के लोगों से 27 अक्टूबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में प्रस्तावित पटेल जयंती एवं गुर्जर स्वाभिमान रैली में बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया गया।
सम्मेलन में समाज के लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा, सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और समाजहित के मुद्दों पर संगठित प्रयास का संदेश दिया गया।


