स्कूलों, कॉलेजों और स्वास्थ्य संस्थानों में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को तम्बाकू से दूर रहने का दिया संदेश
गौतमबुद्धनगर । राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद गौतमबुद्धनगर में विश्व तम्बाकू निषेध दिवस व्यापक स्तर पर मनाया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों एवं सामुदायिक केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों, विशेषकर युवाओं को तम्बाकू एवं निकोटीन उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेन्द्र कुमार ने बताया कि इस वर्ष विश्व तम्बाकू निषेध दिवस की थीम “Unmasking the Appeal: Countering Nicotine and Tobacco Addiction” निर्धारित की गई है। इसका उद्देश्य तम्बाकू उद्योगों द्वारा युवाओं को आकर्षित करने के लिए अपनाई जा रही भ्रामक रणनीतियों को उजागर करना और समाज को निकोटीन एवं तम्बाकू की लत के खतरों के प्रति जागरूक करना है।
तम्बाकू सेवन से बढ़ता है कैंसर और हृदय रोग का खतरा
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शुभ्रा मित्तल ने कहा कि तम्बाकू सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक है। इसके कारण फेफड़ों एवं मुख का कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक, क्रॉनिक ब्रोंकाइटिस, सीओपीडी और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि धूम्रपान करने वालों में सहनशक्ति कम होती है तथा श्वसन और हृदय संबंधी समस्याएं तेजी से विकसित होती हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
युवाओं को निशाना बना रहे तम्बाकू उद्योग
जिला सलाहकार डॉ. श्वेता खुराना ने बताया कि तम्बाकू एवं निकोटीन उद्योग आकर्षक पैकेजिंग, फ्लेवरयुक्त ई-सिगरेट, वेप्स और सोशल मीडिया प्रचार के माध्यम से युवाओं को लुभाने का प्रयास करते हैं। इन भ्रामक प्रचारों से युवाओं को बचाने के लिए जनपद के सभी शैक्षणिक संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उन्होंने बताया कि कोटपा अधिनियम-2003 की धारा-6 के तहत किसी भी शैक्षणिक संस्थान के 100 गज के दायरे में तम्बाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित है और इसके अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जाएगा।
विद्यालयों और महाविद्यालयों में हुए विविध कार्यक्रम
विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर जनपद के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में पोस्टर प्रतियोगिता, रंगोली, नुक्कड़ नाटक, शपथ ग्रहण, गोष्ठी, संवाद कार्यक्रम और हस्ताक्षर अभियान आयोजित किए गए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आईएमएस कॉलेज सेक्टर-62, रमा देवी इंटरनेशनल स्कूल, शम्भू दयाल पब्लिक स्कूल, जीआर ग्लोबल अकादमिक, श्री चैतन्य स्कूल, इंडस वैली पब्लिक स्कूल, जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल, आईआईएमटी कॉलेज, महाराजा कुम्भा इंटरनेशनल स्कूल, जवाहर हाई स्कूल सहित अनेक संस्थानों ने इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
स्वास्थ्य विभाग ने भी चलाए विशेष अभियान
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला संयुक्त चिकित्सालय नोएडा, सीएचसी बिसरख, दादरी, भंगेल, बादलपुर, जेवर एवं डाढ़ा कासना सहित विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों में गोष्ठी, रैली, नुक्कड़ नाटक, हेल्थ टॉक और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसके अलावा जनपद के 58 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और 09 यू-एएएम केंद्रों पर भी तम्बाकू निषेध संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को तम्बाकू छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
तम्बाकू मुक्त समाज बनाने का आह्वान
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेन्द्र कुमार ने जनपदवासियों से तम्बाकू मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने बताया कि तम्बाकू की लत से जूझ रहे लोगों के लिए जिला तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ द्वारा संचालित तम्बाकू उन्मूलन केंद्रों पर निःशुल्क परामर्श एवं उपचार सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए तम्बाकू उत्पादों से दूरी बनाना समय की आवश्यकता है।







