किसानों के टोल पास निष्क्रिय करने पर बवाल, जेवर टोल पर आंदोलन का ऐलान
ग्रेटर नोएडा/जेवर। यमुना एक्सप्रेस-वे पर किसान सभा से जुड़े टोल पासों को निष्क्रिय किए जाने की सूचना के विरोध में अखिल भारतीय किसान सभा ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। किसान सभा द्वारा प्रदर्शन की तैयारी की जानकारी मिलते ही बीटा-2 पुलिस सक्रिय हो गई और यमुना एक्सप्रेस-वे प्रबंधन के अधिकारियों को तत्काल बीटा-2 थाने पर बुलाया गया।
सूचना मिलते ही किसान सभा के सैकड़ों नेता, कार्यकर्ता और ग्रामीण भी बीटा-2 थाने पहुंच गए, जहां पुलिस प्रशासन, टोल प्रबंधन और किसान सभा के प्रतिनिधियों के बीच विस्तृत वार्ता हुई। बैठक में टोल प्रबंधन की ओर से मैनेजर जे.के. शर्मा एवं अनुज चौधरी मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसान सभा के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले को उच्च स्तरीय प्रबंधन के समक्ष रखा जाएगा तथा आज शाम तक संगठन को निर्णय से अवगत कराया जाएगा।
बैठक के दौरान किसान सभा के जिला अध्यक्ष एडवोकेट डॉ. रूपेश वर्मा ने कहा कि प्रदेश और देश के विभिन्न एक्सप्रेस-वे एवं सड़कों पर किसान संगठनों को दी गई टोल सुविधाएं सुचारू रूप से संचालित हैं। यमुना एक्सप्रेस-वे कोई अपवाद नहीं है और किसान संगठनों के साथ हुए सभी समझौतों का सम्मान करते हुए उनका पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि आज शाम तक सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 2 जून 2026 को किसान सभा जेवर टोल प्लाजा पर आंदोलन करते हुए टोल फ्री करेगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
किसान सभा के सहसंयोजक एवं प्रवक्ता जगबीर नंबरदार ने कहा कि किसानों की जमीनों पर बने एक्सप्रेस-वे और औद्योगिक परियोजनाओं के कारण क्षेत्र के किसानों ने बड़ा त्याग किया है। ऐसे में किसानों के संगठनों के साथ हुए समझौतों को समाप्त करने या कमजोर करने का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि टोल प्रबंधन अपने फैसले पर पुनर्विचार नहीं करता है तो किसान सभा गांव-गांव जाकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी और बड़ा आंदोलन करेगी।
महासचिव संदीप भाटी ने कहा कि किसान सभा हमेशा संवाद और समाधान की पक्षधर रही है, लेकिन किसानों के अधिकारों का हनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी नीति परिवर्तन से पहले किसान संगठनों को विश्वास में लिया जाना चाहिए, अन्यथा इसके लिए टोल प्रबंधन और प्रशासन स्वयं जिम्मेदार होंगे।
किसान सभा ने मांग की है कि 10 जनवरी 2024 को हुए समझौते को यथावत लागू रखा जाए तथा सभी स्वीकृत टोल पासों को तत्काल प्रभाव से सक्रिय किया जाए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक के उपरांत किसान सभा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बीटा-2 थाना प्रभारी की उपस्थिति में जेपी टोल प्रबंधन के अधिकारियों जे.के. शर्मा एवं अनुज चौधरी को ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर सहसंयोजक एवं प्रवक्ता जगबीर नंबरदार, महासचिव संदीप भाटी, धर्मेंद्र एडवोकेट, सुशील, प्रशांत भाटी, निशांत भाटी, भगत सिंह, विनोद सरपंच, यतेंद्र भाटी, राहुल नागर, नरेश नागर, भोजराज रावल, सुधीर रावल, मोहित नागर, सुरेंद्र पंडित, विजेंद्र नागर सहित सैकड़ों किसान, नौजवान एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






