जिलाधिकारी ने किया ‘सरस शॉप’ का शुभारंभ, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को मिला आत्मनिर्भरता का नया मंच
महिलाओं के उत्पादों की सराहना कर जिलाधिकारी ने बढ़ाया उत्साह, की खरीदारी भी
ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से ‘लखपति दीदी’ से ‘करोड़पति दीदी’ बनने की ओर बढ़ रहीं महिलाएं
गौतमबुद्धनगर, 04 जून 2026।
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत विकास भवन परिसर में संचालित ‘सरस शॉप’ का शुभारंभ जिलाधिकारी ने फीता काटकर विधिवत किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का अवलोकन कर उनकी गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग और मेहनत की सराहना की।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने मसाले, अचार, पापड़, जूट बैग, सैनिटरी पैड, हस्तशिल्प सामग्री, खादी वस्त्र, शहद सहित विभिन्न उत्पादों को देखा और महिलाओं के कौशल एवं उद्यमशीलता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने परिश्रम, प्रतिभा और आत्मविश्वास के बल पर ‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं आज रोजगार सृजन और स्वरोजगार के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रही हैं। उनके द्वारा निर्मित उत्पाद न केवल उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बना रहे हैं, बल्कि समाज में उन्हें नई पहचान और सम्मान भी दिला रहे हैं। उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए सरस शॉप से उत्पादों की खरीदारी भी की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित सरस शॉप स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध करा रही है। यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने बताया कि मिशन के माध्यम से जिले की अनेक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और सरस शॉप जैसे प्रयास उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराकर आय बढ़ाने के नए अवसर प्रदान कर रहे हैं। इससे महिलाएं भविष्य में ‘करोड़पति दीदी’ बनने के अपने सपने को भी साकार कर सकेंगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक नेहा, एनआरएलएम के अखिलेश प्रजापति, वेदिका फाउंडेशन की डॉ. सपना आर्य सहित स्वयं सहायता समूहों की बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं।
जनसंपर्क विभाग, गौतमबुद्धनगर द्वारा जारी।






