ग्रेटर नोएडा, 200 से अधिक औषधीय एवं फलदार पौधों का रोपण और वितरण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था नवदर्पण द्वारा ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमेगा एवं कासना क्षेत्र में वृक्षारोपण एवं पौधा वितरण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत 200 से अधिक औषधीय एवं फलदार पौधों का रोपण एवं वितरण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया गया।
इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, हरित क्षेत्र का विस्तार करना तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने नागरिकों को पौधों के महत्व, उनकी उपयोगिता तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
नवदर्पण संस्था की श्रीमती रेखा गुर्जर, एडवोकेट काव्या भाटी, डॉ. निखिता नागर, श्री सुनील जी एवं श्री राजकुमार जी सहित संस्था के अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने स्वयं पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया और हरित वातावरण के निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस अवसर पर संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों के दौर में वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए एक आवश्यक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि औषधीय एवं फलदार पौधे पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के साथ-साथ लोगों को स्वास्थ्य और पोषण संबंधी लाभ भी प्रदान करते हैं।
संस्था की ओर से उपस्थित नागरिकों को पौधे वितरित कर उन्हें नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखरेख और संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के अंत में नवदर्पण संस्था ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की। संस्था ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, जन-जागरूकता और सामाजिक उत्थान से जुड़े ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






