किसानों की समस्याओं पर हुई चर्चा, मिंटू भाटी बने जिला महासचिव
ग्राम सेथली में मिंटू भाटी एवं महामेदा परिवार के तत्वावधान में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की किसान संगोष्ठी एवं संगठन विस्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा के साथ-साथ संगठन को मजबूत बनाने और आगामी हरिद्वार चिंतन शिविर की तैयारियों पर विशेष मंथन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाकियू के उत्तर प्रदेश महासचिव नरेंद्र कुमार (गुड्डू प्रधान), गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी, विपिन प्रधान एवं मानसिंह चौधरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान श्रीपाल भाटी ने की, जबकि संचालन नितिन भाटी द्वारा किया गया।
ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और पैदल यात्रा के साथ सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया। अतिथियों को पगड़ी, पटका एवं मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
संगोष्ठी के दौरान किसानों ने प्राधिकरण द्वारा कम मुआवजे पर भूमि अधिग्रहण, विद्युत आपूर्ति की समस्याएं, तहसील स्तर के मामलों में आ रही दिक्कतें तथा क्षेत्रीय कंपनियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार न मिलने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
इस अवसर पर भाकियू जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि किसानों की भूमि का औने-पौने दामों पर अधिग्रहण किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राधिकरण में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण किसानों की मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने 5 प्रतिशत एवं 10 प्रतिशत आवासीय भूखंडों की लंबित मांगों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों को अपने अधिकारों के लिए वर्षों से संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण के समय युवाओं को रोजगार देने और क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के वादे किए जाते हैं, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया जाता। संगठन किसानों और पीड़ितों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार करते हुए दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी ने मिंटू भाटी को भारतीय किसान यूनियन का जिला महासचिव नियुक्त किया। वहीं राहुल भाटी, पवन भाटी, कपिल पंडित, विपिन भाटी, पारुल भाटी, अंकित भाटी, लाला भाटी सहित अनेक लोगों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण कर बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के सिद्धांतों में अपनी आस्था व्यक्त की।
उत्तर प्रदेश महासचिव गुड्डू प्रधान ने अधिक से अधिक संख्या में किसानों से हरिद्वार चिंतन शिविर में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि चिंतन शिविर के बाद क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सेथली से दादरी तहसील तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए उन्होंने क्षेत्रवासियों से अभी से तैयारियां शुरू करने की अपील की।
कार्यक्रम में सुदेश मावी, जगत अवाना, सचिन अवाना, अरुण भाटी, मनवीर मावी, रामपाल नेताजी, आनंद भाटी, राजू तेवतिया, नरेश भाटी, स्वराज तंवर, सतीश नगर, अनुज भाटी, जतन सिंह, अंकित बीडीसी, अमन भाटी, सहिदा खान सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन किसानों के अधिकारों की रक्षा, संगठन को मजबूत बनाने और क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने के संकल्प के साथ हुआ।






