किसानों, मजदूरों और युवाओं के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष को किया याद, आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
ग्रेटर नोएडा । किसानों, मजदूरों और वंचित वर्ग की बुलंद आवाज रहे देश के लोकप्रिय जननेता स्वर्गीय राजेश पायलट की 26वीं पुण्यतिथि पर उनके पैतृक गांव वैदपुरा स्थित समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन एवं अखिल भारतीय गुर्जर महासभा गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए अशोक भाटी ने कहा कि स्व. राजेश पायलट केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि किसानों, मजदूरों, युवाओं और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले युगदृष्टा थे। उनका जीवन संघर्ष, सेवा, सादगी और समर्पण का अनुपम उदाहरण है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने स्व. राजेश पायलट के विचारों को याद करते हुए कहा कि उनका यह संदेश आज भी प्रासंगिक है कि “जब तक गरीब किसान एवं मजदूरों के बच्चे पढ़-लिखकर उन कुर्सियों पर नहीं बैठेंगे, जो देश की नीतियों को क्रियान्वित करती हैं, तब तक देश की तरक्की संभव नहीं है।” उन्होंने कहा कि यह केवल एक विचार नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का संकल्प था, जिसे राजेश पायलट ने अपने जीवन का उद्देश्य बनाया।
अशोक भाटी ने कहा कि एक साधारण किसान परिवार से निकलकर भारतीय वायुसेना के जांबाज पायलट बनने और फिर राष्ट्रीय राजनीति में जनसरोकारों की मजबूत आवाज के रूप में स्थापित होने तक का उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का महान स्रोत है। उन्होंने हमेशा गांव, गरीब, किसान और नौजवान को देश की ताकत माना तथा उनके उत्थान को राष्ट्र निर्माण का आधार बताया।
उन्होंने कहा कि स्व. राजेश पायलट की जनसेवा, संघर्ष और सामाजिक न्याय की विरासत को उनके पुत्र एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट आगे बढ़ा रहे हैं। उनके प्रयासों से राजेश पायलट के विचार और आदर्श नई पीढ़ी तक पहुंच रहे हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अशोक भाटी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्व. राजेश पायलट के संघर्ष, सादगी, ईमानदारी और जनसेवा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं तथा शिक्षा और परिश्रम के बल पर समाज और देश की सेवा करें। उन्होंने कहा कि यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने स्व. राजेश पायलट के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संजय फौजी, संजय भाटी, अनिल खारी, कमलजीत खारी, सिंहराज गुर्जर, विपिन प्रधान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
अंत में अशोक भाटी ने कहा कि “स्व. राजेश पायलट जी का जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण की ऐसी अमर गाथा है, जो सदैव देश के युवाओं, किसानों और समाज को नई दिशा देती रहेगी।”






