प्रधानमंत्री के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री ने लिखा शुभकामना पत्र, कहा— विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में यूपी निभा रहा अग्रणी भूमिका
लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4399 दिन पूरे होने और जनसेवा, सुशासन एवं राष्ट्र निर्माण को समर्पित 12 वर्षों के सफल कार्यकाल पर उन्हें प्रदेशवासियों की ओर से शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री के प्रेरक नेतृत्व और मार्गदर्शन में राष्ट्र निर्माण में अपना सर्वोत्तम योगदान देता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, सुरक्षा और जनकल्याण के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आस्था और अर्थव्यवस्था के अद्भुत संगम के रूप में उभरा है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा और काशी विश्वनाथ धाम के पुनरोद्धार जैसे ऐतिहासिक कार्यों ने सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दी है, वहीं विकास योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उत्तर प्रदेश के करोड़ों नागरिकों तक पहुंचा है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लगभग 65 लाख परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया गया। आयुष्मान भारत योजना से लगभग 10 करोड़ नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है, वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत करीब 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से 1.86 करोड़ महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है, जबकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के जरिए तीन करोड़ से अधिक किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है। इसके अलावा कृषि और सिंचाई से जुड़ी विभिन्न योजनाओं ने किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। मिशन रोजगार के अंतर्गत नौ लाख से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां मिली हैं, जबकि कौशल विकास कार्यक्रमों से 25 लाख युवाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। एमएसएमई, ओडीओपी, स्टार्टअप और स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित हुए हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आधुनिक आधारभूत संरचना के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। एक्सप्रेस-वे, मेट्रो परियोजनाएं, आधुनिक हवाई अड्डे, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और नमो भारत जैसी परियोजनाओं ने प्रदेश की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को नई गति प्रदान की है। आज उत्तर प्रदेश अपनी विश्वस्तरीय एक्सप्रेस-वे श्रृंखला के कारण देशभर में ‘एक्सप्रेस-वे प्रदेश’ के रूप में पहचान बना चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश में ‘रूल ऑफ लॉ’ की प्रभावी स्थापना हुई है। प्रदेश आज माफिया, दंगा और भयमुक्त वातावरण के लिए जाना जाता है। बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेश-अनुकूल माहौल के कारण उत्तर प्रदेश देश के सबसे आकर्षक निवेश केंद्रों में शामिल हुआ है। वर्ष 2017 की तुलना में प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगभग तीन गुना हो चुकी है और प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ‘विकसित भारत’ के संकल्प के अनुरूप ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करता रहेगा तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।






