विकसित भारत संकल्प कार्यक्रम एवं जनकल्याण मेले में उमड़ी भीड़, विधायक धीरेंद्र सिंह ने योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर दिया जोर
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जेवर में आयोजित हुआ जनकल्याण मेला, 16 विभागों ने लगाए स्टॉल
गौतमबुद्धनगर,
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद गौतमबुद्धनगर में 5 जून से 21 जून तक संचालित जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत मंगलवार को विकास खंड जेवर परिसर में विकसित भारत संकल्प कार्यक्रम एवं जनकल्याण मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं लाभार्थियों ने सहभागिता कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह एवं विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख मुन्नी देवी रहीं। इस अवसर पर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूर्ण निष्ठा एवं सेवा भाव के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों तक
योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
विधायक ने मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं महिलाओं से संवाद कर उनके सुझाव, अनुभव और समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनकल्याण मेले में 16 विभागों द्वारा सूचना एवं जागरूकता स्टॉल लगाए गए, जहां आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं, सेवाओं और लाभार्थी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान लगभग 278 नागरिकों एवं लाभार्थियों को योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किए जाने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
मेले का एक प्रमुख आकर्षण राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी रही। प्रदर्शनी में बैग, मसाले, हेयर ऑयल, शैम्पू सहित विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जिन्हें लोगों ने काफी सराहा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने इस आयोजन को सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) आलोक रंजन सिंह ने किया। अंत में खंड विकास अधिकारी जेवर अंकित कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।






