नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से भाजपा शाहदरा जिला अंतर्गत लक्ष्मी नगर विधानसभा क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
अभियान का नेतृत्व भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए, मार्केट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में भाजपा शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा, विधायक अभय वर्मा, विधायक रवि नेगी, जिला प्रभारी डॉ. अनिल गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष लता गुप्ता, प्रदेश मंत्री सुनीता कांगड़ा, शाहदरा साउथ जोन चेयरमैन रामकिशोर शर्मा, जिला प्रवक्ता एडवोकेट भारत गौड़, कैलाश जैन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 स्वर्णिम वर्षों की प्रेरणा तथा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में स्वच्छ, सुंदर और विकसित दिल्ली के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए यह अभियान आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा राष्ट्रीय संस्कार है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू किया गया स्वच्छ भारत अभियान आज एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है, जिसने देशभर में स्वच्छता, जागरूकता और नागरिक उत्तरदायित्व की नई चेतना पैदा की है। स्वच्छता से न केवल पर्यावरण संरक्षण होता है, बल्कि नागरिकों का स्वास्थ्य बेहतर होता है और देश की सकारात्मक छवि भी मजबूत होती है।
हर्ष मल्होत्रा ने नागरिकों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज लोग स्वयं आगे बढ़कर अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में योगदान दे रहे हैं, जो देश के उज्ज्वल भविष्य का सकारात्मक संकेत है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने लोगों को कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक के कम उपयोग, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। साथ ही स्वच्छता के महत्व को लेकर जनसंपर्क अभियान चलाकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
विधायक अभय वर्मा एवं रवि नेगी ने अभियान में भाग लेने वाले सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिला समूहों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छता के प्रति सामूहिक प्रयास ही स्वच्छ और विकसित समाज की नींव रख सकते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा द्वारा स्वच्छता शपथ दिलाकर किया गया। उपस्थित लोगों ने अपने घर, मोहल्ले, बाजार, सार्वजनिक स्थलों और कार्यस्थलों को स्वच्छ रखने तथा समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
इसके बाद लक्ष्मी नगर क्षेत्र में सड़कों, बाजारों, मेट्रो स्टेशन की सीढ़ियों, सार्वजनिक स्थलों और सामुदायिक परिसरों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छ भारत के संकल्प को मजबूत किया।






