गौतमबुद्ध नगर, 17 जून 2026। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयुष विभाग, गौतमबुद्ध नगर द्वारा आयोजित योग सप्ताह के तृतीय दिवस पर जनपद के विभिन्न संस्थानों में योगाभ्यास एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक कुलभूषण धर दुबे एवं मनीष धर दुबे द्वारा जिला कारागार गौतमबुद्ध नगर में विशेष योग सत्र का संचालन किया गया। इस अवसर पर जेलर संजय साही ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है। योग प्रशिक्षकों ने बंदियों एवं कारागार कर्मियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया।
इसी क्रम में सीआईएसएफ परिसर, सूरजपुर में आयोजित योग शिविर में वरिष्ठ निरीक्षक कृष्ण चौधरी की उपस्थिति में जवानों एवं कर्मचारियों ने योगाभ्यास किया। प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं एनआईएमटी कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में आयोजित कार्यक्रम में योगाभ्यास के साथ-साथ स्लोगन लेखन एवं निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के निदेशक सिद्धांत सिंह उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए और स्वस्थ जीवन के लिए योग को आवश्यक बताया।
इसके अतिरिक्त जनपद के सभी राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में कार्यरत आयुर्वेदिक चिकित्सकों, फार्मासिस्टों एवं कर्मचारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में योग शिविरों और जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को योग के लाभों तथा स्वस्थ जीवनशैली में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वंदना रानी ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन के लिए आयुष विभाग द्वारा जनपद में व्यापक स्तर पर योग संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन आयोजनों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों में योग के प्रति जागरूकता और सहभागिता लगातार बढ़ रही है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने जनपदवासियों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने और योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।






