जिलाधिकारी से वार्ता बेनतीजा, भाकियू (बलराज) ने आंदोलन को दी नई चेतावनी
ग्रेटर नोएडा। सालेपुर गांव में संचालित शराब के ठेकों को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी मुद्दे पर आज जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर के साथ निर्धारित वार्ता में भारतीय किसान यूनियन (बलराज) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे।
वार्ता के दौरान बलराज भाटी ने ग्रामीणों की ओर से गांव में संचालित शराब के ठेकों को हटाने की मांग प्रमुखता से उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि शराब के ठेकों से गांव का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ रही है। हालांकि, वार्ता के बाद भी कोई ठोस समाधान सामने नहीं आ सका, जिससे ग्रामीणों में निराशा और आक्रोश देखने को मिला।
बैठक के दौरान एक बुजुर्ग महिला ने भावुक होकर जिलाधिकारी के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए गांव से शराब के ठेके हटाने की गुहार लगाई। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी भावनाओं और मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिससे असंतोष और बढ़ गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वार्ता के बाद भारतीय किसान यूनियन (बलराज) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी ने कहा कि यदि प्रशासन जल्द ही ग्रामीणों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेता है तो 29 जून 2026 को सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय का विशाल घेराव एवं प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन गांव के सम्मान, सुरक्षा और जनभावनाओं की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा।
भाटी ने कहा कि ग्रामीणों की एकजुटता इस बात का प्रमाण है कि गांव की जनता शराब के ठेकों के खिलाफ मजबूती से खड़ी है और अपनी मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखेगी।
इस अवसर पर महिला विंग राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय संयोजक रेखा सिवाल, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय महासचिव विपिन खारी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रोहित भाटी, राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र नागर, प्रदेश अध्यक्ष योगेश वैष्णव, प्रदेश प्रवक्ता सौरव भाटी, जिलाध्यक्ष जोगेंद्र नागर (खिज्जू) सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






