जनकल्याणकारी योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर
गौतमबुद्धनगर, । उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री एवं गौतमबुद्धनगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था, राजस्व एवं मुख्यमंत्री विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा नागरिकों को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध हों। उन्होंने राजस्व विभाग को आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र जैसी सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान भारत योजना, गोल्डन कार्ड, टीकाकरण, एम्बुलेंस सेवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। मंत्री ने पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने और स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने पर बल दिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कृषि एवं सहकारिता विभाग को किसानों के लिए उर्वरक एवं गुणवत्तापूर्ण बीजों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं सिंचाई विभाग को नहरों के माध्यम से अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने और किसानों की सिंचाई संबंधी समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने सड़क निर्माण, मरम्मत और चौड़ीकरण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में विद्युत आपूर्ति, औद्योगिक निवेश, शिक्षा, पशुपालन, वन विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना, पर्यटन और पूर्ति विभाग सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करें।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को महिला सुरक्षा, शांति व्यवस्था और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षित वातावरण ही विकास और सुशासन की आधारशिला है।
बैठक में सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक तेजपाल नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह, नगर पालिका परिषद दादरी की अध्यक्ष गीता पंडित, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने आश्वासन दिया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा जनपद में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को और गति प्रदान की जाएगी।






