गौतमबुद्धनगर, 20 जून 2026। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में संचालित अवैध खनन गतिविधियों पर शिकंजा कसा है। जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के निर्देश पर जिला खनन अधिकारी उत्कर्ष त्रिपाठी के नेतृत्व में सेक्टर-18 एवं आसपास के क्षेत्रों में औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान मौके पर खनन कार्य में लगे व्यक्तियों से संबंधित अनुमति पत्र एवं आवश्यक अभिलेख मांगे गए, लेकिन कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। जांच में मिट्टी का अवैध खनन एवं परिवहन किए जाने की पुष्टि होने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 05 जेसीबी मशीनों को जब्त कर लिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जब्त की गई मशीनों को अग्रिम आदेशों तक थाना दनकौर की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है। जिला खनन अधिकारी ने बताया कि अवैध खनन में संलिप्त पाए गए वाहनों एवं मशीनों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली-2021 के तहत नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।






