एनटीपीसी दादरी के बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM)-2026 का भव्य समापन
113 छात्राओं ने आत्मविश्वास, नेतृत्व और प्रतिभा का किया शानदार प्रदर्शन
दादरी, 20 जून 2026। एनटीपीसी दादरी द्वारा आयोजित चार सप्ताह के आवासीय बालिका सशक्तिकरण अभियान (Girl Empowerment Mission-GEM) 2026 का सफलतापूर्वक एवं उत्साहपूर्ण समापन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, स्वास्थ्य जागरूकता, आत्मरक्षा, जीवन कौशल एवं आत्मनिर्भरता के माध्यम से सशक्त बनाना रहा। इस वर्ष 12 सरकारी विद्यालयों की 113 छात्राओं ने इस अभियान में भाग लिया।
समापन समारोह में श्री ए.के. मिश्रा, कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख (दादरी) तथा श्री काशिना चंद्रमौलि, कार्यकारी निदेशक (SSEA) सहित एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी, छात्राएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर छात्राओं ने स्वागत गीत, गणेश वंदना, गुजराती लोक नृत्य, भांगड़ा, नाट्य प्रस्तुति, महाभारत एवं मर्दानी नृत्य जैसे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। साथ ही योग, आत्मरक्षा, पीटी और एरोबिक्स के प्रदर्शन के माध्यम से छात्राओं ने अपने आत्मविश्वास, अनुशासन और कौशल का परिचय दिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अपने संबोधन में श्री ए.के. मिश्रा ने छात्राओं की प्रतिभा, उत्साह और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बालिकाओं को जीवन में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देते हैं।
गौरतलब है कि एनटीपीसी ने वर्ष 2018 में बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM) की शुरुआत की थी। इस पहल का उद्देश्य परियोजना क्षेत्रों के आसपास रहने वाली 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग की वंचित बालिकाओं को शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रीष्मकालीन आवासीय शिविर के साथ-साथ शीतकालीन अवकाश में एक सप्ताह की फॉलो-अप कार्यशाला भी आयोजित की जाती है।
एनटीपीसी की यह पहल बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। अब तक इस अभियान के माध्यम से 13,000 से अधिक बालिकाएं लाभान्वित होकर आत्मविश्वासी और सशक्त भविष्य की ओर अग्रसर हो चुकी हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






