समस्या निस्तारण में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई: सीएम योगी
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने सुनीं करीब 150 फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को तत्परता और संवेदनशीलता से समाधान के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित नियमित ‘जनता दर्शन’ में विभिन्न जिलों से आए करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का समाधान पूरी तत्परता, संवेदनशीलता, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। समस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने फरियादियों के प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अन्याय और अवैध कब्जे के मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी पीड़ित व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उसकी समस्या का नियमानुसार समाधान कराया जाए।
उन्होंने जमीन पर अवैध कब्जे और कमजोर लोगों को परेशान करने या उजाड़ने से जुड़े मामलों में भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे मामलों में पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संबंधित अधिकारी गंभीरता से कार्रवाई करें।
इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उनके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए इलाज से जुड़े एस्टीमेट की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री ने जरूरतमंद लोगों को आश्वस्त किया कि गंभीर बीमारियों के इलाज में सरकार की ओर से नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में की गोसेवा
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह मंदिर की गोशाला में पहुंचकर गोसेवा भी की। उन्होंने गायों, गोवंश और नंदी को दुलारा तथा उन्हें गुड़ खिलाया। इस दौरान उन्होंने गोशाला के कार्यकर्ताओं से गोवंश की देखभाल की जानकारी ली और उनके समुचित रखरखाव एवं सेवा के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के जनता दर्शन कार्यक्रम में अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का मुख्य जोर जनशिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण पर रहा।


