हंसराज टिकैत ने किया कार्यालय का उद्घाटन, 91 पौधों का रोपण, रक्तदान शिविर और विशाल भंडारे का आयोजन; हजारों किसान व मातृशक्ति हुई शामिल
नोएडा। भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक एवं किसान नेता बाबा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 91वीं जयंती के अवसर पर नलगढ़ा, नोएडा स्थित नवनिर्मित भारतीय किसान यूनियन कार्यालय पर भव्य किसान महाकुंभ एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, मातृशक्ति, संगठन के पदाधिकारी तथा प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की पुत्रवधू निकिता टिकैत एवं बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के परपौत्र हंसराज टिकैत ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर हंसराज टिकैत ने कार्यालय परिसर की भूमि को नमन कर बाबा टिकैत के आदर्शों को याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन-पूजन के साथ हुई। हवन के दौरान किसानों की समृद्धि, खुशहाली और देश की उन्नति के लिए प्रार्थना की गई। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 91 पौधों का पौधारोपण किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
रक्तदान शिविर में लोगों ने किया योगदान
कार्यक्रम में रोटरी क्लब के सहयोग से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजकों के अनुसार शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित किसानों, ग्रामीणों और अतिथियों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में देशभक्ति रागिनी एवं बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के जीवन और किसान आंदोलनों से जुड़े प्रसंगों को रागिनी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
किसान एकता को बताया बाबा टिकैत की सबसे बड़ी सीख
इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना ने कहा कि बाबा महेंद्र सिंह टिकैत ने किसानों को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की सीख दी थी। उन्होंने कहा कि किसान एकता ही किसानों की सबसे बड़ी ताकत है और आज आयोजित सेवा एवं स्मृति कार्यक्रम बाबा टिकैत के विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि बाबा टिकैत का जीवन किसानों के अधिकारों, सामाजिक एकता और ग्रामीण हितों के लिए समर्पित रहा। उनकी जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से किसान एकता, पर्यावरण संरक्षण और समाजसेवा का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विमला खटाना, ममता डेढ़ा, रेखा भाटी, सत्तो देवी भाटी, सरदार मंजीत सिंह, राजे प्रधान, राजीव मलिक, सुरेंद्र नागर, अनित कसाना, ललित चौहान, भगत सिंह प्रधान, हरेंद्र भाटी, रॉबिन नागर, सुनील प्रधान, बेली भाटी, अमित जैलदार, अरविंद, नागेश, अमित, संदीप खटाना, विनोद पंडित, बेगराज प्रधान, सुंदर भूड़ा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना प्राधिकरण के अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी तथा प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हजारों किसान साथियों के साथ बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने भी भाग लेकर आयोजन की शोभा बढ़ाई।


