10 प्रतिशत प्लॉट के मुद्दे पर सरकार गंभीर नहीं, किसान एकता संघ दिसंबर में करेगा बड़ा आंदोलन
सफीपुर में किसान एकता संघ की बैठक में सरकार पर अनदेखी का आरोप, मांग पूरी नहीं होने पर प्राधिकरण पर आंदोलन की चेतावनी; चौधरी भंवर सिंह बने प्रदेश उपाध्यक्ष
ग्रेटर नोएडा। किसानों के 10 प्रतिशत आबादी प्लॉट की मांग को लेकर किसान एकता संघ ने सरकार और शासन-प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताई है। रविवार, 22 नवंबर को ग्राम सफीपुर में किसान एकता संघ की बैठक अमीलाल भगत जी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन जिला अध्यक्ष पप्पे नागर ने किया। बैठक में किसानों की लंबित मांगों और पूर्व में शासन स्तर पर हुई वार्ताओं के बावजूद 10 प्रतिशत प्लॉट के मुद्दे पर निर्णय नहीं होने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान ने कहा कि पूर्व में हुए किसान आंदोलन के बाद लखनऊ में मुख्य सचिव के साथ वार्ता के दौरान किसानों के 10 प्रतिशत प्लॉट की मांग को लेकर चर्चा हुई थी, लेकिन सरकार की ओर से अब तक इस विषय पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि किसान लंबे समय से अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं, लेकिन शासन स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ रही है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
चौधरी सोरन प्रधान ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ही किसानों की 10 प्रतिशत प्लॉट की मांग पर ठोस निर्णय नहीं लेती है तो दिसंबर माह में प्राधिकरण पर बड़े आंदोलन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक किसानों के 10 प्रतिशत आबादी प्लॉट का मुद्दा हल नहीं होता, तब तक किसान एकता संघ का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से सर्वसम्मति से चौधरी भंवर सिंह को किसान एकता संघ का उत्तर प्रदेश प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। संगठन के पदाधिकारियों और किसानों ने उनके नियुक्त होने पर बधाई दी और संगठन के विस्तार तथा किसानों के मुद्दों को मजबूती से उठाने की बात कही।
बैठक में चौधरी सोरन प्रधान, सुरेश नंबरदार, रवि नागर, मनवीर नागर, सतवीर भाटी, मेहरबान अली, पप्पे नागर, सचिन नागर, हेमराज बीडीसी, उमेद एडवोकेट, सुरेंद्र चपरगढ़, सुमित एडवोकेट, वकील खां, मनोज भाटी, मेघराज नागर, दुर्गेश शर्मा, रज्जाक अली, सतीश कनारसी सहित अनेक किसान मौजूद रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


