YEIDA के CEO राकेश कुमार सिंह से IBA प्रतिनिधिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक, उद्योगों की समस्याओं के समाधान का मिला भरोसा
औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन और उद्यमी हितों पर हुई सार्थक चर्चा
CEO बोले— उद्योग जगत के लिए प्राधिकरण के द्वार हमेशा खुले, हर वास्तविक समस्या का होगा समाधान
ग्रेटर नोएडा।
इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के प्रतिनिधिमंडल ने आज यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) श्री राकेश कुमार सिंह से शिष्टाचार भेंट कर औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन एवं उद्यमियों की समस्याओं के समाधान से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक सौहार्दपूर्ण, सकारात्मक और परिणामोन्मुख वातावरण में सम्पन्न हुई।
बैठक के दौरान IBA प्रतिनिधिमंडल ने YEIDA क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देने, निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर IBA अध्यक्ष श्री अमित कुमार उपाध्याय ने उद्योग जगत की ओर से CEO श्री राकेश कुमार सिंह को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
IBA की ओर से उद्यमियों की विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन भी CEO को सौंपा गया। ज्ञापन में औद्योगिक अवसंरचना, सड़क एवं ड्रेनेज व्यवस्था, सार्वजनिक परिवहन, उद्योग स्थापना प्रक्रियाओं का सरलीकरण, कम्प्लीशन एवं फंक्शनल प्रमाणन, सिंगल विंडो सिस्टम, Change in Constitution (CIC), ट्रांसफर नीति, लीज रेंट, MSME उद्यमियों के लिए भूखंड योजनाएं, कॉमन फैसिलिटेशन सेंटर और औद्योगिक सहायक बाजारों के विकास जैसे विषय प्रमुखता से उठाए गए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उद्योगों को नहीं होने देंगे अनावश्यक परेशानी : राकेश कुमार सिंह
बैठक में CEO श्री राकेश कुमार सिंह ने उद्यमियों की सभी बातों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक परीक्षण एवं कार्यवाही के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र देश के सबसे संभावनाशील औद्योगिक क्षेत्रों में से एक है, जहां जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, उत्कृष्ट कनेक्टिविटी और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश के नए अवसर प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने उद्यमियों से गुणवत्तापूर्ण निर्माण एवं उत्पादन गतिविधियों को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए कहा कि उद्योगों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई नहीं होने दी जाएगी।
CEO ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण उद्योग जगत की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक वास्तविक समस्या का समाधान सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ किया जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
NOC प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर जोर
बैठक में एयरपोर्ट अथॉरिटी एवं अन्य विभागों से संबंधित NOC प्रक्रियाओं को लेकर भी चर्चा हुई। इस पर CEO ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यमियों को विभिन्न विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें और जहां संभव हो, प्राधिकरण स्तर पर समन्वय स्थापित कर अनुमोदन प्रक्रियाओं को सरल एवं समयबद्ध बनाया जाए।
उद्योग जगत में बढ़ा विश्वास : अमित कुमार उपाध्याय
IBA अध्यक्ष श्री अमित कुमार उपाध्याय ने बैठक को अत्यंत सकारात्मक और सार्थक बताते हुए कहा कि CEO ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है, जिससे उद्योग जगत में विश्वास एवं उत्साह का वातावरण बना है।
उन्होंने कहा कि YEIDA क्षेत्र देश के सबसे तेजी से उभरते औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल है और उद्योगपति यहां निवेश, रोजगार सृजन एवं आर्थिक विकास में योगदान देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि उद्योग स्थापना और संचालन की प्रक्रियाएं जितनी सरल और पारदर्शी होंगी, निवेश उतनी ही तेजी से बढ़ेगा।
श्री उपाध्याय ने विश्वास जताया कि CEO राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में YEIDA क्षेत्र उद्योग, निवेश और रोजगार सृजन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा तथा उद्योग जगत और प्राधिकरण के बीच यह सकारात्मक संवाद क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा देगा।
बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
IBA के उपाध्यक्ष श्री नरेश चौहान, श्री राजेश खन्ना, कार्यकारी सदस्य श्री बिमलेश कुमार, श्री दक्ष शर्मा, वरिष्ठ सदस्य श्री चरणजीत सिंह, सदस्य श्री धर्मेंद्र सिंह, PPS International के प्रतिनिधि श्री पुष्पेंद्र कुमार सहित अन्य उद्यमी प्रतिनिधि मौजूद रहे।






