शहीद दरियाव सिंह की स्मृति में आयोजित कुश्ती दंगल में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिया निमंत्रण
विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के बलिदान को किया नमन, मुख्यमंत्री ने वीर शहीदों की स्मृति को देश की अमूल्य धरोहर बताया
ग्रेटर नोएडा। देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद दरियाव सिंह की पावन स्मृति में आयोजित होने वाले भव्य कुश्ती दंगल में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निमंत्रण दिया गया।
विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कुश्ती दंगल आयोजन समिति के अध्यक्ष जयवीर पहलवान सहित प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण सौंपा। इस दौरान शहीद दरियाव सिंह के अदम्य साहस, त्याग और देश की स्वतंत्रता के लिए दिए गए बलिदान को याद किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीद दरियाव सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि “शहीद दरियाव सिंह जी जैसे राष्ट्रनायकों का बलिदान हमारे देश की धरोहर है। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में विदेशी हुकूमत के दांत खट्टे करने वाले इस वीर माटी के लाल को कभी भुलाया नहीं जा सकता। ऐसे महान सपूतों के त्याग की बदौलत ही आज हम सभी आजाद हवा में सांस ले रहे हैं।”
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और उनके संघर्ष की गाथा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। शहीद दरियाव सिंह की स्मृति में आयोजित कुश्ती दंगल केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं को देशभक्ति, साहस और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देने वाला कार्यक्रम भी है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष जयवीर पहलवान ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में आमंत्रित करते हुए कहा कि शहीद दरियाव सिंह की वीरता और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस आयोजन को भव्य रूप दिया जा रहा है।
इस अवसर पर चैनपाल प्रधान, पूर्व जिला अध्यक्ष हिंदू युवा वाहिनी गौतमबुद्ध नगर, आजाद खटाना, मोहित दक्ष, बोबू पहलवान, जितेंद्र नागर, तरुण भाटी, योगराज सिंह हिंदू सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


