1.42 करोड़ बच्चों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
उत्तर प्रदेश के 1.32 लाख विद्यालयों और 746 केजीबीवी में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
लखनऊ, 21 जून 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन अभूतपूर्व जनभागीदारी के साथ किया गया। प्रदेश के 1.32 लाख परिषदीय विद्यालयों के लगभग 1.42 करोड़ छात्र-छात्राओं तथा 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) की 78 हजार से अधिक छात्राओं ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ, सशक्त और जागरूक समाज के निर्माण का संदेश दिया।
प्रदेशभर के विद्यालयों, ब्लॉक संसाधन केंद्रों और जिला मुख्यालयों पर आयोजित योग कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, शिक्षा अधिकारियों एवं अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। गांव से लेकर शहर तक विद्यालय परिसर योगमय वातावरण से सराबोर नजर आए, जहां सभी ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
योग बन रहा जनआंदोलन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश में योग को विद्यालयी शिक्षा, जनस्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जोड़ने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यही कारण है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अब केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न रहकर जनभागीदारी का व्यापक अभियान बन चुका है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
एससीईआरटी परिसर में भी हुआ विशेष योग सत्र
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), उत्तर प्रदेश के नवीन परिसर में निदेशक गणेश कुमार के नेतृत्व में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने योगाभ्यास करते हुए नियमित रूप से योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
बच्चों में अनुशासन और एकाग्रता का सशक्त माध्यम है योग
इस अवसर पर एससीईआरटी निदेशक गणेश कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। यह केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं, बल्कि मानसिक एकाग्रता, आत्मानुशासन, सकारात्मक सोच और संतुलित व्यक्तित्व निर्माण का प्रभावी माध्यम भी है। विद्यालयों में योग को बढ़ावा देकर बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।
प्रदेशभर में हुए विशेष आयोजन
लखनऊ, गौतमबुद्ध नगर, कानपुर नगर, अयोध्या, वाराणसी, मथुरा, मेरठ, बस्ती, कुशीनगर, अलीगढ़ और आजमगढ़ सहित विभिन्न जनपदों में विशेष योग सत्र आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कर योग के महत्व को समझा और इसे दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्वस्थ और जागरूक समाज की ओर बढ़ता उत्तर प्रदेश
शिक्षा विभाग का मानना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास भी उतना ही आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विद्यालयों में योग, खेलकूद और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हुई रिकॉर्ड सहभागिता ने यह साबित कर दिया कि उत्तर प्रदेश में योग अब केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, अनुशासन, एकाग्रता और सकारात्मक सोच का जनआंदोलन बन चुका है।






