23 परीक्षा केंद्रों पर 9,540 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, जिलाधिकारी ने केंद्रीय विद्यालय एसएसजी सीआईएसएफ केंद्र का किया निरीक्षण
गौतमबुद्धनगर, 21 जून 2026। जनपद गौतमबुद्धनगर में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट (यूजी)-2026 का आयोजन 23 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। परीक्षा के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा, निगरानी एवं व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
जनपद के 23 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में कुल 10,823 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 9,540 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 1,283 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के सफल एवं सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर ने केंद्रीय विद्यालय एसएसजी सीआईएसएफ, ग्रेटर नोएडा स्थित परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, अभ्यर्थियों की प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहन जायजा लिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी सतर्कता के साथ संचालित की जाएं तथा अभ्यर्थियों को सुविधाजनक एवं तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, केंद्र व्यवस्थापक, विद्यालय प्रशासन एवं अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों की सतत निगरानी और समन्वित प्रयासों के चलते जनपद में नीट (यूजी)-2026 परीक्षा सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।






