बीट पुलिसिंग और जनसुनवाई को प्रभावी बनाने के निर्देश, थाना फेस-3 में पुलिस सम्मेलन आयोजित
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, जनोन्मुखी एवं उत्तरदायी बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार डीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में एडीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री स्वतंत्र कुमार सिंह ने एसीपी-1 सेंट्रल नोएडा श्रीमती दीक्षा सिंह के साथ थाना फेस-3 पर पुलिसकर्मियों के साथ सम्मेलन आयोजित किया।
सम्मेलन के दौरान एडीसीपी द्वारा पुलिसकर्मियों को बीट पुलिसिंग में सक्रिय सहभागिता बढ़ाने, नियमित बीट भ्रमण करने तथा आमजन से बेहतर संवाद स्थापित कर जनसंपर्क मजबूत करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए बीट स्तर पर सतत निगरानी एवं नागरिकों के साथ समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में सभी विवेचकों को निर्देशित किया गया कि लंबित विवेचनाओं का 60 एवं 90 दिवस की समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके और पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके अतिरिक्त सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की शीघ्र बरामदगी के लिए विशेष टीमों का गठन करने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी प्रयासों के माध्यम से गुमशुदा व्यक्तियों को जल्द से जल्द खोजने के निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित जनसुनवाई आयोजित करने, आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने तथा प्राप्त होने वाली जनशिकायतों एवं आईजीआरएस (IGRS) प्रकरणों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनविश्वास को और अधिक मजबूत करने के लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ करना होगा। यह सम्मेलन पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनकेंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






