17 जुलाई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर होगी किसान महापंचायत, लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान
अखिल भारतीय किसान सभा, गौतमबुद्ध नगर की जिला कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आज आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जयकरण भाटी ने की, जबकि संचालन जगबीर नंबरदार ने किया। बैठक में जिले के विभिन्न गांवों से आए किसान प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने किसानों से जुड़े लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान और लंबित मांगों को लेकर 17 जुलाई 2026 को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर विशाल किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी। जिला कमेटी की बैठक में प्राधिकरण द्वारा किसानों के मुद्दों पर अपेक्षित कार्रवाई न किए जाने पर गहरा रोष व्यक्त किया गया तथा 10 प्रतिशत विकसित भूखंड, आबादी निस्तारण, नए भूमि अधिग्रहण कानून के क्रियान्वयन और किसान हितों से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि किसान संघर्ष मोर्चा के सहयोगी संगठन किसान एकता संघ एवं किसान परिषद को महापंचायत और आगामी आंदोलन की रूपरेखा से अवगत कराते हुए व्यापक स्तर पर किसान एकजुटता सुनिश्चित की जाएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस अवसर पर किसान नेताओं ने कहा कि किसान संगठनों और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बीच विभिन्न मांगों को लेकर पूर्व में लिखित समझौते हुए थे। उन्हीं समझौतों के आधार पर 10 प्रतिशत विकसित भूखंड का प्रस्ताव ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 133वीं बोर्ड बैठक में पारित कर शासन को भेजा गया था। वर्ष 2024 में गठित हाई पावर कमेटी ने भी इस मांग को न्यायोचित माना था, लेकिन आज तक इस पर अंतिम निर्णय नहीं हो सका है।
किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में नए भूमि अधिग्रहण कानून की भावना के विपरीत कार्य किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों से किसानों की भूमि के सर्किल रेट में कोई वृद्धि नहीं की गई है, जबकि बाजार में भूमि के मूल्य कई गुना बढ़ चुके हैं। ऐसी स्थिति में किसानों की जमीनों का कम दरों पर अधिग्रहण किसानों के हितों के साथ अन्याय है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजब सिंह नेताजी ने कहा कि किसानों की आवाज उठाने वाले लोगों पर मुकदमे दर्ज कर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि किसान अपने अधिकारों की लड़ाई को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाते रहेंगे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जिला महासचिव संदीप भाटी ने बताया कि 17 जुलाई को हजारों किसान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहुंचकर अपनी मांगों के समर्थन में महापंचायत करेंगे तथा आगे की आंदोलनात्मक रणनीति की घोषणा करेंगे।
बैठक के दौरान तिलपता गांव के निर्विरोध प्रधान रहे सुदेश भाटी ने अखिल भारतीय किसान सभा की सदस्यता ग्रहण की। किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर एवं संरक्षक जयकरण सिंह भाटी ने उन्हें संगठन का पट्टा पहनाकर सदस्यता दिलाई। उपस्थित किसानों एवं पदाधिकारियों ने नारों के साथ उनका स्वागत किया। सुदेश भाटी ने किसान हितों की लड़ाई को मजबूत करने और संगठन के विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने का आश्वासन दिया।
बैठक में भगत सिंह चेची, बुधपाल यादव, पप्पू भाटी, डॉ. गजेंद्र, यतेंद्र मैनेजर, सुले यादव, भोजराज रावल, लाला नागर, मनोज प्रधान, निरंकार प्रधान, महेश प्रजापति, अजयपाल भाटी, इंद्रजीत भाटी, मुकेश तोगड़, डॉ. जगदीश, लीलू भाटी, उधम सिंह भाटी, एडवोकेट गुरप्रीत, फिरे नागर, विनोद नागर, नरेश नागर, सतीश उपाध्याय, विजय यादव, सुरेश यादव, भोपाल यादव, जोगेंद्र प्रधान, अशोक आर्य, सुरेंद्र पंडित, पवन शर्मा, देशराज राणा, ओमदत्त पंडित, सूबेदार रामभूल सहित अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। बैठक में सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
किसान सभा ने स्पष्ट किया कि यदि किसानों की लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।






