नौकरी और ट्रेनिंग दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल, लैपटॉप और सिम कार्ड बरामद
थाना साइबर क्राइम, गौतमबुद्धनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौकरी एवं प्रशिक्षण दिलाने का झांसा देकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 09 मोबाइल फोन, 01 लैपटॉप, 17 सिम कार्ड, 04 डेबिट कार्ड, कंपनी की मोहरें, चेक बुक, पास बुक एवं कॉलिंग डेटा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 23 जून 2026 को अभिसूचना संकलन एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-63 नोएडा से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न कंपनियों में नौकरी और ट्रेनिंग दिलाने का झांसा देकर लोगों से संपर्क करते थे तथा अन्य कंपनियों का डेटा चोरी कर कॉलिंग के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य चौहान (एटा), सुमित कुमार (दिल्ली), सूरज गुप्ता (कानपुर नगर), रिषभ (फिरोजाबाद) और गौरव पाठक (सुल्तानपुर) के रूप में हुई है। सभी आरोपी युवा हैं और विभिन्न शैक्षणिक पृष्ठभूमि से जुड़े हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में कुल 05 साइबर शिकायतें दर्ज हैं। मामले में थाना साइबर क्राइम में धारा 318(4), 319(2), 238(सी), 61(2) बीएनएस तथा 66सी और 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी
- 09 मोबाइल फोन
- 01 लैपटॉप
- 17 सिम कार्ड
- 04 डेबिट कार्ड
- 02 कंपनी मोहर
- चेक बुक, पास बुक एवं कॉलिंग डेटा
पुलिस की अपील
साइबर क्राइम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नौकरी, ट्रेनिंग या भर्ती के नाम पर आने वाले अनजान कॉल, मैसेज और ई-मेल पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। किसी भी कंपनी में भर्ती संबंधी जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करें तथा किसी भी व्यक्ति या संस्था को बिना सत्यापन के धनराशि का भुगतान न करें।
यदि किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की आशंका हो तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करें या www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर रिपोर्ट करें।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






